क्रिकेट

IND vs NZ T20 Series: क्या न्यूजीलैंड के खिलाफ ये सिलसिला जारी रख पाएगी टीम इंडिया?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 1, 2023, 07:30 AM IST

हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम इंडिया के सामने अहमदाबाद में बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के निर्णायक मुकाबले में 11 साल से चले आ रहे जीत के सिलसिले को बनाए रखने का शानदार मौका है।

Image

हार्दिक पांड्या(साभार AP)

अहमदाबाद: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला बुधवार को अहमदाबाद में खेला जाएगा। सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। न्यूजीलैंड ने सीरीज के रांची में खेले गए पहले मुकाबले में 21 रन से मात दी थी। वहीं लखनऊ में खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले में 100 रन के लक्ष्य का पीछा करने में भारतीय टीम के पसीने छूट गए। लेकिन 7 विकेट रहते जीत हासिल कर ली। ऐसे में सीरीज अपने निर्णायक मोड़ के साथ अहमदाबाद आ पहुंची है। जहां एक लाख से ज्यादा दर्शकों के बीच दोनों टीमें सीरीज अपने नाम करने की पुरजोर कोशिश करेंगी।

11 साल से न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं गंवाई है कोई सीरीज

भारतीय टीम का द्विपक्षीय टी20 सीरीज के निर्णायक मुकाबलों में प्रदर्शन शानदार रहा है। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीजों में टीम इंडिया का रिकॉर्ड और भी बेहतर रहा है। भारतीय टीम ने साल 2012 के बाद से अबतक कीवी टीम के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर किसी भी फॉर्मेट में द्विपक्षीय सीरीज नहीं गंवाई है। टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2012 में द्विपक्षीय टी20 सीरीज में हार का मुंह देखना पड़ा था। वो सीरीज भी एक मैच की सीरीज में तब्दील हो गई थी। वो मुकाबला न्यूजीलैंड के खाते में गया था।

अबतक अजेय है कप्तान पांड्या

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में भारतीय टीम चौथी अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज खेल रही है। आयरलैंड के खिलाफ उनकी कप्तानी में टीम पहली बार मैदान में उतरी थी और जीत हासिल की थी। उसके बाद पांड्या की कप्तानी में न्यूजीलैंड में भारतीय टीम ने टी20 सीरीज अपने नाम की थी। घर पर पहली बार कप्तानी करते हुए पांड्या की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को टी20 सीरीज में 2-1 अपने नाम की थी। अब हार्दिक पांड्या के पास कीवी टीम उनके घर के बाद अपने घर पर पटखनी देने का मौका है। अगर वो ऐसा करने में सफल होते हैं तो खिताबी जीत का चौका जड़ने में सफल हो जाएंगे।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article