क्रिकेट

Champions Trophy 2025: बीसीसीआई के बाद अब इस टीम ने उठाया सुरक्षा पर सवाल

बीसीसीआई के बाद अब न्यूजीलैंड टीम ने भी पाकिस्तान में सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है। चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हाइब्रिड मॉडल पर किया जाएगा। भारत अपने सभी मैच पाकिस्तान से बाहर खेलेगी। लेकिन अब न्यूजीलैंड ने भी सुरक्षा का जायजा लेने के लिए एक टीम भेजी है।

Image

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (साभार-ICC)

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन हाइब्रिड मॉडल पर होगा। बीसीसीआई के पाकिस्तान न जाने के फैसले पर आईसीसी को यह कदम उठाना पड़ा। बीसीसीआई ने साफ कर दिया था कि सुरक्षा कारणों से भारतीय टीम, पाकिस्तान जाकर नहीं खेलेगी। हाइब्रिड मॉडल के सामने आने से लगा था कि अब पीसीबी की परेशानी खत्म हो गई है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।

भारत के बाद अब न्यूजीलैंड ने भी पाकिस्तान में सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। यही कारण है कि जब चैंपियंस ट्रॉफी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है तब न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा का जायजा लेने के लिए अपनी एक टीम पाकिस्तान भेजी है। न्यूजीलैंड की ओर से सुरक्षा विशेषज्ञ रेग डिक्सन पाकिस्तान जाएंगे। जब न्यूजीलैंड की यह टीम पाकिस्तान में होगी उसी दौरान आईसीसी की भी एक टीम पाकिस्तान का दौरा करेगी।

इससे पहले सुरक्षा का पहला मामला बीसीसीआई की ओर से उठाया गया था। बीसीसीआई ने आईसीसी को पत्र लिखकर साफ कह दिया था कि सुरक्षा कारणों से टीम इंडिया पाकिस्तान जाकर नहीं खेलेगी। पहले पीसीबी हाइब्रिड मॉडल के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन आईसीसी के बीच-बचान करने के बाद हाइब्रिड मॉडल पर मुहर लगा दी गई।

इसके साथ ही इस बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि अब भारत और पाकिस्तान आईसीसी इवेंट में एक दूसरे की मेजबानी में नहीं खेलेगी। यानी पाकिस्तान मेजबानी करेगा तो भारत और अगर भारत मेजबानी करेगा तो पाकिस्तान न्यूट्रल वेन्यू पर ही खेलेगा। 1996 के बाद पहली बार पाकिस्तान आईसीसी इवेंट का आयोजन कराने जा रहा था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article