क्रिकेट

ZIM vs NZ, Tri Nation Series: न्यूजीलैंड ने जारी रखा अपना विजय अभियान, आखिरी लीग मुकाबले में जिंबाब्वे को दी मात

न्यूजीलैंड ने जिंबाब्वे में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज में अपना विजय अभियान जिंबाब्वे के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में भी जारी रखा। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट @BLACKCAPS X)

हरारे: न्यूजीलैंड ने गुरुवार को त्रिकोणीय टी20 श्रृंखला में मेजबान जिंबाब्वे को 60 रन से हराकर अपना विजयी अभियान जारी रखा। टिम सीफर्ट (75) ने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा जबकि रचिन रविंद्र ने 39 गेंद में 63 रन की तूफानी पारी खेली जिससे न्यूजीलैंड ने छह विकेट पर 190 रन का टूर्नामेंट का सर्वोच्च स्कोर बनाने के बाद लगातार चौथी जीत दर्ज की। सीफर्ट और रविंद्र ने दूसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी भी की। जिंबाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे जिन्होंने 34 रन देकर चार विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए जिंबाब्वे की टीम लेग स्पिनर ईश सोढ़ी (12 रन पर चार विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी और 18.5 ओवर में 130 पर सिमट गई। जिंबाब्वे की ओर से टोनी मुनयोंगा ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज डियोन मायर्स (22) और ताशिंगा मुसेकिवा (21) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।

मेजबान जिंबाब्वे ने श्रृंखला में अपने चारों मैच गंवाए। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले हीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। फाइनल मुकाबला शनिवार 26 जुलाई, 2025 को हरारे में खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article