National Sports Day Today: आज का दिन भारतीय खेल जगत के लिए बेहद खास है। भारत आज नीरज चोपड़ा जैसे एथलीटों के दम पर विश्व स्तर पर अपना नाम रोशन कर रहा है और इसी को सलाम करता है आज का दिन जिसे हम राष्ट्रीय खेल दिवस भी कहते हैं।
कब शुरु हुआ था ये सफर?
राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने का सफर 29 अगस्त 2012 से शुरू हुआ था जब इस तारीख को देश के खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया गया।
29 अगस्त ही तारीख क्यों?
आज ही की वो तारीख है जब भारत ही नहीं पूरे विश्व में अपनी हॉकी की जादूगरी दिखा चुके मेजर ध्यानचंद का जन्म हुआ था। हम उनको दद्दा के नाम से भी जानते हैं। उन्हीं के सम्मान में खेल दिवस के लिए ये तारीख चुनी गई।
कौन थे मेजर ध्यानचंद?
मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को इलाहाबाद (प्रयागराज) में हुआ था। वो एक सैनिक व खिलाड़ी थे। आजादी से पहले वो ब्रिटिश आर्मी में थे और हॉकी खेला करते थे। उनकी हॉकी की जादूगरी ऐसी थी कि विश्व भर में उसका डंका बजा। उनकी मौजूदगी में भारत ने 1928, 1932 और 1936 ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीते। बताया जाता है कि बर्लिन ओलंपिक में तानाशाह हिटलर उनसे इतना प्रभावित हो गया था कि अपनी सेना में शामिल होने का ऑफर दे दिया था, लेकिन ध्यानचंद ने उस ऑफर को ठुकरा दिया था।
ध्यानचंद के आंकड़े उनकी काबिलियत बयां करने के लिए काफी हैं। उन्होंने 1926 से 1949 तक अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेली जिस दौरान उन्होंने 185 मैच खेले और 570 गोल किए। वो मैदान में सेंटर फॉर्वर्ड पोजीशन पर खेला करते थे।
