क्रिकेट

Video: हाथ में स्टंप लेकर जोरदार डांस करते दिखे वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन

Ishan Kishan And Vaibhav Sooryavanshi Dance Video: ईस्ट जोन ने 13 साल के लंबे इंतजार के बाद साउथ जोन को हराकर दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। ईस्ट जोन के जीतते ही मैदान पर जश्न का माहौल नजर आया। ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी स्टंप हाथ में लेकर डांस करते दिखे।

Image

वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन का डांस वीडियो (फोटो साभार- BCCI Women)

Ishan Kishan And Vaibhav Sooryavanshi Dance Video: ईस्ट जोन ने 13 साल के लंबे इंतजार के बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया। गुरुवार को साउथ जोन के खिलाफ फाइनल ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन पहली पारी में मिली 372 रन की विशाल बढ़त के आधार पर ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन चैंपियन बन गई। खिताब जीतते ही मैदान पर जश्न का माहौल देखने को मिला, जहां कप्तान ईशान किशन और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी हाथ में स्टंप लेकर डांस करते नजर आए और दर्शकों का अभिवादन किया।

पहली पारी में बढ़त के आधार पर जीता ईस्ट जोन

ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का पहाड़ खड़ा किया था, जिसमें ईशान किशन के 270 और कुमार कुशाग्र के 101 रन शामिल थे। जवाब में साउथ जोन तिलक वर्मा के 99 और देवदत्त पडिक्कल के 62 के बावजूद 336 पर ढेर हो गई। पांचवें और आखिरी दिन ईस्ट जोन ने 212/5 से आगे खेलना शुरू किया और 388/7 पर पारी घोषित कर साउथ जोन को 761 रन का असंभव लक्ष्य दिया। इस दौरान कुनैन कुरैशी ने अपने करियर का पहला फर्स्ट-क्लास शतक जड़ा और 116 रन पर नाबाद रहे। किशन ने भी 80 रन बनाए। अनुकूल रॉय ने उंगली में चोट के बावजूद 80 रन की जुझारू पारी खेली और कुरैशी के साथ 150 रन की साझेदारी की।

ईशान किशन बने मैन ऑफ द मैच

मैच के बाद ईशान किशन को उनकी दोहरी पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' दिया गया, वहीं साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रहे। किशन इस टूर्नामेंट में 102.25 की औसत से 409 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे। ट्रॉफी जीतने के बाद किशन ने कहा, "हमने एक ग्रुप के तौर पर यह खिताब जीता। सब एक-दूसरे का ख्याल रख रहे थे। मैं अच्छा लीडर रहा हूं, लेकिन सफर यहीं खत्म नहीं होता।" फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में बतौर कप्तान उनका अजेय क्रम अब 16 मैचों तक पहुंच गया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article