क्रिकेट

INDW vs ENGW T20 Series: भारत के खिलाफ चौथे टी20 से पहले इंग्लैंड की महिला टीम को लगा करारा झटका, कप्तान सिवर ब्रंट हुई बाहर

इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम की सीमित ओवरों की टीम की कप्तान नैट सीवर ब्रंट भारत के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के बाकी बचे दो मैच से चोट की वजह से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह आखिरी दो मैच में टीम की कमान टैमी ब्यूमोंट संभालेंगी।

Image

नैट सिवर-ब्रंट (साभार England Cricket X)

मैनचेस्टर: इंग्लैंड महिला टीम की कप्तान नैट सिवर-ब्रंट शनिवार को भारतीय महिला टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के शेष दो मैचों से चोटिल होने के कारण बाहर हो गईं। उन्हें बाईं जांघ में चोट लगी है। इंग्लैंड टीम प्रबंधन ने बताया कि टैमी ब्यूमोंट श्रृंखला के बाकी दोनों मैचों में टीम की कमान संभालेंगी। ब्यूमोंट ने ब्रिस्टल में तीसरे मैच के दौरान भी सिवर-ब्रंट के मैदान से बाहर रहने के दौरान टीम की अगुवाई की थी। सिवर ब्रंट की जगह टीम में शीर्ष क्रम की बल्लेबाज माइया बाउचर को शामिल किया गया है।

ईसीबी से जारी बयान के मुताबिक, 'स्कैन (जांच) से पता चला है कि ब्रिस्टल में लगी चोट के कारण नैट सिवर-ब्रंट भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला के शेष मैचों को नहीं खेल पायेंगी।' सिवर-ब्रंट के तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए फिट होने की उम्मीद है। ईसीबी के मुताबिक,'उनकी अनुपस्थिति में टैमी ब्यूमोंट कप्तानी करना जारी रखेंगी। सिवर-ब्रंट की जगह माइया बाउचियर को टीम में शामिल किया गया है। सिवर-ब्रंट के वनडे श्रृंखला के लिए चयन के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है।'

भारत पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 से आगे हैं। उसने पहले दो मैच जीते थे और तीसरा मैच केवल पांच रनों के करीबी अंतर से हार गया था। चौथा और पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच क्रमशः नौ और 11 जुलाई को मैनचेस्टर और बर्मिंघम में खेले जाएंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article