क्रिकेट

Nat Sciver Brunt Century: नैट सीवर ब्रंट ने रचा इतिहास, बनीं विमेंस प्रीमियर लीग की पहली शतकवीर

मुंबई की टॉप ऑर्डर बैटर नैट सीवर ब्रंट ने विमेंस प्रीमियर लीग में इतिहास रच दिया। आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में नैट सीवर ब्रंट ने फैंस के 1059 दिन का इंतजार खत्म कर दिया और इस लीग की पहली शतकवीर बनीं। उनकी यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि मुंबई के लिए यह करो या मरो वाला मुकाबला है।

Image

नैट सीवर ब्रंट शतक

Nat Sciver Brunt Century: मुंबई इंडियंस की बैटर नैट सीवर ब्रंट ने विमेंस प्रीमियर लीग में इतिहास रच दिया। सोमवार को आरसीबी के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में नैट सीवर ने ब्रंट ने इस टी20 लीग का पहला शतक जड़ा। उन्होंने 57 गेंद में 16 चौके और 1 छक्के की मदद से यह शतक पूरा किया। उन्होंने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह विमेंस प्रीमियर लीग की पहली शतकवीर बन गईं। 3 सीजन के इंतजार के बाद विमेंस प्रीमियर लीग को अपना पहला शतकवीर मिला। इसके साथ ही वह इस लीग में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। उन्होंने यूपी वॉरियर्स के जॉर्जिया वॉल का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने पिछले सीजन नाबाद 99 रन की पारी खेली थी। उनकी पारी भी आरसीबी के खिलाफ ही आई थी।

खत्म हुआ 1059 दिन का इंतजार

इसके साथ ही विमेंस प्रीमियर लीग में 1059 दिन, 3 सीजन और 81 मैच का इंतजार खत्म हो गया है। इससे पहले इस लीग में कई बार 99 के स्कोर पर खिलाड़ी आउट हुए, लेकिन शतक नहीं बना पाए थे। विमेंस प्रीमियर लीग में 9 खिलाड़ी नर्वस नाइंटी का शिकार हो चुके थे। इसलिए यह शतक बेहद खास है।

हरमनप्रीत कौर के साथ शतकीय साझेदारी

नैट सीवर ब्रंट ने हरमनप्रीत कौर के साथ इस मुकाबले में शतकीय साझेदारी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए केवल 73 गेंद में 131 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में हरमनप्रीत कौर ने 49 और नैट सीवर ब्रंट ने 75 रन का योगदान दिया। इन दोनों की शतकीय साझेदारी के दम पर मुंबई ने करो या मरो मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

सबसे सफल बैटर हैं नैट सीवर ब्रंट

विमेंस प्रीमियर लीग की बात करें को नैट सीवर ब्रंट इस लीग की सबसे सफल बैटर भी हैं। उन्होंने इस लीग में 35 मैच की 35 पारी में 51.76 की बेहतरीन औसत से सर्वाधिक 1346 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान 205 चौके और 15 छक्के लगाए हैं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article