क्रिकेट

नासिर हुसैन को है उम्मीद, इस टूर्नामेंट में होगी ऋषभ पंत की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 31, 2023, 05:22 PM IST

Nasser Hussain on Rishabh Pant's Return: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन को उम्मीद है कि अगले टी20 विश्व कप तक ऋषभ पंत की टीम इंडिया में वापसी हो जाएगी और वो पहले की तरह धमाल मचाते नजर आएंगे।

Image

नासिर हुसैन और ऋषभ पंत

दुबई: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन को 2024 में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की सफल वापसी की उम्मीद है जो एक साल पहले हुई कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये थे और इससे उबर रहे हैं। पंत के अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले क्रिकेट में वापसी की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने हुसैन के हवाले से कहा,'वो बहुत गंभीर दुर्घटना थी। पूरी दुनिया की सांसें थम गयी थीं और उनकी उबरने की प्रक्रिया भी धीमी रही।

बॉक्स ऑफिस क्रिकेटर हैं पंत

उन्होंने कहा, 'सोशल मीडिया पर उनके उबरने के बाद शुरूआती कदम और फिर जिम में ट्रेनिंग करते हुए और क्रिकेट खेलते हुए तथा रिकी पॉटिंग के साथ उनकी फोटो देखीं। मैं एशेज में रिकी के साथ था और रिकी ने बताया था कि उसकी प्रगति कैसी चल रही है। वह ‘बॉक्स ऑफिस’ (हिट) क्रिकेटर है।'

राहुल ने नहीं महसूस होने दी पंत की कमी

पंत की अनुपस्थिति में केएल राहुल ने उनकी जगह ली और हाल के वनडे विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने 75.33 के औसत से 452 रन बनाये। हुसैन ने कहा,'भारत ने उसके (पंत) बिना अच्छा प्रदर्शन किया क्योंकि केएल उनकी जगह आये और सभी प्रारूपों में वह बेहतरीन रहे। भारत भाग्यशाली है कि उसके पास ये दोनों खिलाड़ी हैं लेकिन पंत घायल होने से पहले ‘बॉक्स ऑफिस’ था और उम्मीद है कि चोट के बाद भी वह ऐसा ही रहेगा।'

गिल के लिए अच्छा रहेगा साल 2024

हुसैन ने युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के टेस्ट क्रिकेट में फॉर्म में वापसी की उम्मीद जतायी। उन्होंने कहा,'वह (गिल) के लिए 2023 का तीन तिमाही प्रदर्शन अच्छा रहा। दूसरे छोर पर रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी के साथ बल्लेबाजी करते हुए उसने काफी कुछ सीखा होगा। वह काफी प्रतिभाशाली है और आने वाले वर्षों में भारत का शानदार खिलाड़ी होगा इसलिये उम्मीद करते हैं कि 2024 उसके लिए अच्छा साल रहेगा।'

End of Article