टाटा मोटर्स (Tata Motors) अपने भारतीय ग्राहकों के लिए एक नई ईवी लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के पोर्टफोलियो में पहले से Tiago EV, Punch EV, Nexon EV और Curvv EV जैसे मॉडल मौजूद हैं। अब कंपनी एक नई इलेक्ट्रिक कार पर काम कर रही है, जिसका कोडनेम Kuno बताया जा रहा है। यह इलेक्ट्रिक कार मिडसाइज सेगमेंट में MG Windsor EV को सीधी टक्कर दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे 2027-28 तक भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है।
Nexon EV और Sierra EV के बीच होगी पोजिशनिंग
फिलहाल टाटा की इस नई इलेक्ट्रिक कार के डिजाइन और फीचर्स को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। यहां तक कि इसका फाइनल प्रोडक्शन नाम भी अभी तय नहीं है। हालांकि, अनुमान है कि इसकी लंबाई करीब 4.3 मीटर हो सकती है। इस लिहाज से यह MG Windsor EV के करीब होगी, जिसकी लंबाई 4,295 mm है।
Tata के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में Kuno EV को नेक्स्ट जेनरेशन Nexon EV और Sierra EV के बीच जगह मिल सकती है। नेक्स्ट जेनरेशन Nexon EV को कंपनी में Garud कोडनेम दिया गया है। वहीं, Sierra EV की लंबाई 4,340 mm है।
Acti.ev प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, Tata Kuno EV को कंपनी के Acti.ev प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल टाटा अपनी दूसरी इलेक्ट्रिक कारों में भी कर रही है। इसकी खासियत फ्लैट फ्लोर डिजाइन और बैटरी के लिए स्पेस बचाने वाला लेआउट है। इससे कार के केबिन में ज्यादा जगह मिल सकती है।
यह फीचर फैमिली कार खरीदने वालों के लिए खास हो सकता है। वहीं, MG Windsor EV भी अपने बड़े और आरामदायक केबिन के लिए जानी जाती है। ऐसे में Tata अपनी नई कार में स्पेस और कंफर्ट पर विशेष ध्यान दे सकती है।
बैटरी और रेंज में क्या मिल सकता है?
Kuno EV की बैटरी, मोटर और रेंज से जुड़ी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। हालांकि, इसमें Curvv EV या Sierra EV से बैटरी और मोटर विकल्प लिए जा सकते हैं। Curvv EV में 55 kWh बैटरी मिलती है, जो 502 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज देती है। वहीं, Sierra EV में 63 kWh और 75 kWh बैटरी विकल्प मिलते हैं। इसकी अधिकतम सर्टिफाइड रेंज 665 किलोमीटर तक है।
वहीं, MG Windsor EV Pro में 52.9 kWh बैटरी के साथ 449 किलोमीटर की रेंज मिलती है। Kuno EV में इन आंकड़ों को चुनौती देने की कोशिश हो सकती है।
सालाना 1 लाख कारें बनाने का लक्ष्य
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Kuno EV का प्रोडक्शन गुजरात के साणंद (Sanand) में किया जा सकता है। कंपनी सालाना करीब 80 हजार से 1 लाख यूनिट बनाने की क्षमता का लक्ष्य रख सकती है। इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी रखने के साथ BaaS (Battery as a Service) विकल्प भी दिया जा सकता है।
