क्रिकेट

IND vs BAN T20 Series: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के आगाज से पहले बांग्लादेश के कप्तान ने भरी हुंकार

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में करारी हार के बाद तीन मैच की टी20 सीरीज के आगाज से पहले बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टीम के अच्छे प्रदर्शन की हुंकार भरी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम(साभार BCB)

ग्वालियर: बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने शुक्रवार को कहा कि उनकी नये लुक वाली टीम टेस्ट श्रृंखला में मिली हार को भुलाकर भारत के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला में आक्रामक क्रिकेट खेलेगी। भारत ने टेस्ट श्रृंखला में बांग्लादेश को 2-0 से शिकस्त दी थी। टी20 श्रृंखला रविवार को यहां नवनिर्मित श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगी।

शांतो ने कहा, हम जीतना चाहते हैं सीरीज

शांतो ने यहां पत्रकारों से कहा,'सच कहूं तो हम इस श्रृंखला को जीतना चाहते हैं। हम आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहते हैं। अगर आप पिछले विश्व कप में हमारे प्रदर्शन को देखें तो हमारे पास सेमीफाइनल में खेलने का अच्छा मौका था लेकिन हम चूक गए। पर यह एक नयी टीम है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी यहां अच्छा क्रिकेट खेलेंगे।'

टेस्ट सीरीज में हमने नहीं किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

बांग्लादेश के कप्तान ने कहा कि वह टेस्ट श्रृंखला में अपनी टीम के प्रदर्शन के बारे में नहीं सोचेंगे। उन्होंने कहा,'हम सभी जानते हैं कि हमने टेस्ट में अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दिखाया। हम इस बारे में नहीं सोच रहे हैं कि हमने पहले क्या किया है। पर यह हमारे लिए अहम श्रृंखला है और हम सभी जानते हैं कि टी20 का खेल पूरी तरह से अलग होता है। यह मैच के दिन जो अच्छा खेलेगा, वो ही मैच जीतेगा।'

नए रूप में टी20 सीरीज में उतरेगी बांग्लादेशी टीम

भारत और बांग्लादेश दोनों की टीमें नये रूप में मैदान पर उतरेंगी युवा खिलाड़ी शामिल होंगे। भारत की टीम पूरी तरह से नयी होगी जिसकी अगुआई सूर्यकुमार यादव करेंगे जबकि बांग्लादेश की टी20 टीम में केवल पांच खिलाड़ी होंगे जो टेस्ट टीम का भी हिस्सा थे। शांतो ने कहा कि श्रृंखला का पहला मैच नये मैदान पर है तो पिच का बर्ताव अनुमान लगाने जैसा ही रहेगा। हम जानते हैं कि यह बहुत अलग मैदान है। नया मैदान है और हमें विकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। लेकिन हमने पिछले कुछ दिनों में अभ्यास सत्र किए और हमने यह पता लगाने की कोशिश की कि विकेट कैसा बर्ताव करेगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article