नई दिल्ली: भारत के दिग्ग्ज स्पिनर रविंचंद्रन अश्विन को उम्मीद है कि बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से मुल्लांपुर में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से खेल के इस बड़े प्रारूप में पदार्पण करेंगे क्योंकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। दुबे और मानव सुथार के बीच भारतीय टीम में एक जगह के लिए मुकाबला है जबकि कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी स्पिनरों को अंतिम एकादश में जगह मिलने की उम्मीद है।
हर्ष दुबे पर टिकी हैं नजरें
अश्विन ने जियोस्टार से कहा, मेरी नज़रें हर्ष दुबे पर टिकी हुई हैं और मैं यह जानने के लिए उत्सुक हूं कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि टीम मानव सुथार को चुनती है या हर्ष दुबे को। लेकिन दुबे ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और इसलिए मेरी उनमें विशेष दिलचस्पी है। दुबे ने आईपीएल में भी अच्छा प्रदर्शन किया था और इसलिए उनका पलड़ा भारी नजर आता है। मैं वास्तव में दुबे को पदार्पण करते हुए देखने के लिए उत्सुक हूं।'
गिल दोहराएंगे इंग्लैंड वाला प्रदर्शन
पूर्व भारतीय स्पिनर ने कप्तान शुभमन गिल से भी उम्मीद जताई है कि वे घरेलू मैदान पर भी विदेशों में किए गए अपने बल्लेबाजी प्रदर्शन को दोहराएंगे। उन्होंने कहा, 'गिल ने इंग्लैंड के दौरे में एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने वहां मुश्किल परिस्थितियों में रन बनाए और दबाव को अच्छी तरह से झेला। मुझे उम्मीद है कि वह घरेलू श्रृंखला में भी कप्तान और बल्लेबाज के रूप में अपनी विशेष छाप छोड़ेंगे।'
कौन हैं हर्ष दुबे
हर्ष दुबे बांए हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हैं। वो घरेलू क्रिकेट में विदर्भ का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनका प्रथम श्रेणी करियर बेहद शानदार रहा है। अबतक खेले 133 फर्स्ट क्लास मैच में 27 मैच की पारी में 23.26 के औसत से 133 विकेट अपने नाम किए हैं। 36 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। पारी में 9 बार उन्होंने पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। वहीं मैच में दो बार 10 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। वहीं इस दौरान उन्होंने बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1026 रन 44 पारी में 4 बार नाबाद रहते हुए बनाए हैं। इसमें 9 अर्धशतक शामिल है। 84 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। साल 2024-25 के रणजी सीजन में विदर्भ की खिताबी जीत में हर्ष दुबे की अहम भूमिका रही थी। हर्ष दुबे 10 मैच की 19 पारी में 16.98 के औसत से 69 विकेट चटकाए थे। वो सीजन के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। ऐसे में अब उन्हें भारत के लिए टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है।
