क्रिकेट

IPL 2024: मुस्तफिजुर रहमान ने सीएसके के लिए डेब्यू मैच में मचाया धमाल, बने विकेटों का चौका जड़ने वाले पहले बांग्लादेशी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 22, 2024, 10:47 PM IST

Mustafizur Rahman four-fer in CSK Debut: मुस्तफिजुर रहमान ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में धमाकेदार डेब्यू करते हुए वो कारनामा कर दिखाया जो आईपीएल इससे पहले और कोई बांग्लादेशी गेंदबाज नहीं कर पाया।

Image

आरसीबी के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए मुस्तफिजुर रहमान(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • मुस्तफिजुर रहमान ने किया चेन्नई के लिए धमाकेदार डेब्यू
  • 10 गेंद के अंतराल में चटकाए 4 विकेट, कराई CSK की वापसी
  • बने आईपीएल मैच में 4 विकेट झटकने वाले पहले बांग्लादेशी

चेन्नई: बांग्लादेश के बांए हाथ के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में धमाकेदार डेब्यू किया। चार दिन पहले 18 मार्च को श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में मुस्तफिजुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था। लेकिन उस चोट से उबरकर आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पहनते ही मुस्तफिजुर रहमान ने कहर बरपाया और 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट अपने नाम करके इतिहास रच दिया। मुस्तफिजुर आईपीएल इतिहास में एक पारी में चार विकेट झटकने वाले बांग्लादेश के पहले गेंदबाज बने।

पहले ओवर में किया डुप्लेसी और पाटीदार का शिकार

आरसीबी ने चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर धमाकेदार शुरुआत की। विराट कोहली और फॉफ डुप्लेसी ने मिलकर 4 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 37 रन बना लिए थे। ऐसे में कप्तान रुतुराज ने गेंद मुस्तफिजुर रहमान के हाथों में थमाई। मुस्तफिजुर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरी ही गेंद पर डुप्लेसी ने चौका जड़ दिया। लेकिन इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने चौका जड़ने वाले डुप्लेसी(35 गेंद में 23) को रचिन रवींद्र के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। मुस्तफिजुर सीएसके को पहला विकेट दिलाने के बाद नहीं रुके। दो गेंद बाद उन्होंने रजत पाटीदार को विकेट के पीछे धोनी के हाथों लपकवाकर दूसरा विकेट झटक लिया।

10 गेंद के अंतराल में झटके 4 विकेट

मुस्तफिजुर को पहले दूसरे स्पेल के लिए रुतुराज ने 12वें ओवर में बुलाया और उन्होंने इस ओवर में भी दो विकेट अपने नाम कर लिए। इस बार उन्होंने विराट कोहली और कैमरन ग्रीन को अपना शिकार बनाया। विराट कोहली मिड विकेट पर छक्का जड़ने की कोशिश में अजिंक्य रहाणे और रचिन रवींद्र की जुगलबंदी के बल पर पवेलियन लौट गए और इसके बाद कैमरून ग्रीन 18(22) रन बनाकर बोल्ड हो गए। 10 गेंद के अंतराल में 4 विकेट झटक लिए। 2 ओवर में उन्होंने 7 रन देकर 4 विकेट झटककर आरसीबी को बैकफुट पर धकेल दिया।

29 रन देकर चटकाए चार विकेट

इसके बाद अगले दो ओवर में मुस्तफिजुर विकेट नहीं झटक सके और 22 रन लुटाए। 4 ओवर में 29 रन देकर उन्होंने 4 विकेट डेब्यू मैच में अपने नाम कर लिए और आरसीबी को अच्छी शुरुआत के बाद बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article