क्रिकेट

Musheer Khan Century: मुशीर खान ने दलीप ट्रॉफी डेब्यू में जड़ा शतक, इंडिया-बी के लिए बने संकटमोचक

टेस्ट क्रिकेटर सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने दलीप ट्रॉफी में शानदार शुरुआत करते हुए डेब्यू शतक जड़ दिया। मुशीर ने टीम के लिए मैच में संकटमोचक की भूमिका अदा की।

Image

मुशीर खान (साभार BCCI Domestic)

KEY HIGHLIGHTS
  • मुशीर खान ने दलीप ट्रॉफी डेब्यू में जड़ा शतक
  • मुश्किल में टीम के लिए खेली शतकीय पारी
  • आठवें विकेट के लिए सैनी के साथ की 108 रन की साझेदारी

बेंगलुरू: टेस्ट क्रिकेटर सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने दलीप ट्रॉफी करियर की शुरुआत शानदार शतक के साथ की है। इंडिया ए के खिलाफ नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे मुशीर ने एक छोर संभाला और टीम को 94 रन पर 7 विकेट की मुश्किल स्थिति से उबारते हुए 204 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने आठवें विकेट के लिए नवदीप सैनी के साथ 187 गेंद में शतकीय साझेदारी भी की। इसमें मुशीर ने 76 और सैनी ने 25 रन का योगदान दिया। मुशीर ने अपनी शतकीय पारी में 10 चौके और 2 छक्के जड़े। पहले दिन का खेल खत्म होने पर मुशीर खान 105*(227) और नवदीप सैनी 29(74) रन बनाकर नाबाद रहे। इंडिया बी ने 7 विकेट पर 202 रन बना लिए हैं।

118 गेंद में जड़ा अर्धशतक

19 वर्षीय मुशीर ने मैच में विकेटों की पतझड़ के बीच अपना अर्धशतक 118 गेंद में पूरा किया था। उन्होंने इसके बाद पिच पर पैर जमाए रहे और अपना धैर्य नहीं खोया और नवदीप सैनी के साथ शतकीय साझेदारी करके अपना शतक पूरा कर लिया। दिन का खेल खत्म होने तक मुशीर-सैनी के बीच 108 रन की साझेदारी हो गई है।

शानदार रहा है प्रथम श्रेणी करियर

मुशीर खान का घरेलू क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है। मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने पिछले सीजन क्वार्टर फाइनल में दोहरा शतक जड़ा। इसके बाद सेमीफाइनल में अर्धशतक और फाइनल में शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया। उनका ये फॉर्म अभी भी जारी है। अंडर-19 विश्व कप में भी मुशीर ने लगातार दो मैच में शतक जड़े थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article