क्रिकेट

IPL 2026: मुंबई और चेन्नई के बीच गुरुवार को महामुकाबला, मैदान पर उतरेंगे धोनी और रोहित?

आईपीएल 2026 के 33वें और सबसे बड़े मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच भिड़ंत होगी। मैच में चोटिल रोहित शर्मा और एमएस धोनी खेलेंगे या नहीं? जानिए अपडेट

Image

रोहित शर्मा और एमएस धोनी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

मुंबई: रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर बुधवार को यहां अपनी-अपनी टीमों की ट्रेनिंग किट में नजर आए और बल्लेबाजी अभ्यास करते दिखे। गुरुवार को खेले जाने वाले मैच के लिए हालांकि दोनों की उपलब्धता को लेकर मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस सत्र ’एल क्लासिको’ का पहला चरण वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन यह देखना बाकी है कि इस मशहूर प्रतिद्वंद्विता के दो बड़े चेहरे मैदान पर उतरते हैं या नहीं। रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए इस सत्र के शुरुआती चार मैच खेले थे। वह लगभग 10 दिन पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में हैमस्ट्रिंग चोट के चलते मैदान छोड़कर चले गए थे और तब से रिकवरी प्रक्रिया में हैं।

दूसरी ओर, धोनी अब तक इस आईपीएल सत्र में मैदान पर नहीं उतरे हैं क्योंकि टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले उन्हें क्वाड्रिसेप्स स्ट्रेन की समस्या हो गई थी। सीएसके के पूर्व कप्तान ने मंगलवार को ट्रेनिंग में विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों का अभ्यास किया था। बुधवार को भी उन्होंने नेट सत्र में पहले संक्षिप्त अभ्यास किया और फिर लगभग एक घंटे तक थ्रोडाउन और तेज गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कुछ गेंदों को अच्छे से टाइम किया, जो दर्शकदीर्घा की ओर गईं, लेकिन कुछ मौकों पर वह बल्ले और गेंद का संपर्क नहीं बना सके।

धोनी की उपलब्धता को लेकर टीम के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने कहा कि अंतिम फैसला पूरी तरह उनकी और मेडिकल टीम की "संतुष्टि" पर निर्भर करेगा। मैदान पर एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला जब जानवरों से लगाव रखने वाले धोनी ने एआई-संचालित आईपीएल रोबोटिक डॉग (कैमरा) को देखा और उसके साथ कुछ समय बिताया। उन्होंने उसे अपने इशारों की नकल करवाने की कोशिश की, हालांकि यह ’रोबोटिक डिवाइस’ हर बार सफल नहीं हो सका।

इससे पहले दिन में रोहित शर्मा अपने परिवार के साथ वानखेड़े पहुंचे और फिर रात के सत्र में बल्लेबाजी अभ्यास किया। टीम सूत्रों के अनुसार, मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने नियमित रूप से बल्लेबाजी की है, लेकिन उनके चयन पर अंतिम निर्णय टॉस के समय लिया जाएगा। अभ्यास के दौरान रोहित सहज दिखे और उन्होंने आक्रामक शॉट लगाने की जगह अधिकतर गेंदों को टाइमिंग के साथ क्षेत्ररक्षकों के बीच से खेलने का अभ्यास किया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article