IPL Injured Player Updates: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के बाकी बचे मैचों के लिए चोटिल अथर्व अंकोलेकर के स्थान पर कृष भगत को टीम में शामिल किया है। घरेलू क्रिकेट में पंजाब की तरफ से खेलने वाले 21 वर्षीय ऑलराउंडर कृष तेज गेंदबाज और निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज हैं। वह पिछले दो वर्षों से मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं।
मुंबई इंडियंस ने बयान में कहा, "कृष ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत से कोचिंग स्टाफ को प्रभावित किया है। पिछले कुछ वर्षों में घरेलू क्रिकेट और मुंबई इंडियंस के अभ्यास सत्रों में उनके समर्पण ने उन्हें मुख्य टीम में शामिल होने का अवसर दिलाया है।"
चेन्नई सुपर किंग्स को भी लगा झटका
उधर, पांच बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स को भी झटका लगा है। उनके स्टार तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। खलील ने अभी तक चेन्नई के हर मैच में हिस्सा लिया था। खलील अहमद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 14 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान अपने दाहिने कूल्हे में दर्द की शिकायत की थी। उन्होंने अब तक CSK की तरफ से अच्छा प्रदर्शन किया था और उसके गेंदबाजी आक्रमण के मुख्य सदस्य थे।
इंडियन प्रीमियर लीग के एक सूत्र ने बताया, "यह ग्रेड दो की चोट है और इसे ठीक होने में कम से कम 10-12 सप्ताह का समय लगेगा।" इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने भारत के लिए 11 वनडे और 18 टी20 मैच खेले हैं। भारत की तरफ से उन्होंने अपना आखिरी मैच जुलाई 2024 में खेला था।
फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खलील अहमद के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है। दूसरी तरफ टीम के पूर्व कप्तान व विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस को लेकर भी कोई ताजा अपडेट नहीं आया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार तीन शुरुआती मैच हारने के बाद दो मैच जीत लिए हैं और अब ऐसे में खलील अहमद का चोटिल होना उनके लिए आगे मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
