क्रिकेट

U19 विश्व कप के लिए कप्तान चुने जाने के बाद, आयुष म्हात्रे ने जड़ा विदर्भ के खिलाफ आतिशी शतक

आयुष म्हात्रे की आतिशी शतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने विदर्भ को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुक्रवार को विदर्भ में खेले गए मुकाबले में जीत दर्ज की। ऐसा रहा मैच का हाल।

Image

आयुष म्हात्रे (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

लखनऊ: आयुष म्हात्रे की 53 गेंद में नाबाद 110 रन की पारी और शिवम दुबे (31 रन पर तीन विकेट और नाबाद 39 रन) के हरफनमौला खेल की बदौलत मुंबई ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए मैच में विदर्भ को सात विकेट से हरा दिया म्हात्रे की पारी से गत चैंपियन मुंबई ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए इकाना स्टेडियम में 193 रनों के लक्ष्य को 13 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। टीम ने 17.5 ओवर में तीन विकेट पर 194 रन बनाए। अठाराह वर्षीय म्हात्रे ने अपनी पहली टी20 शतकीय पारी में आठ छक्के और इतने ही चौके लगाए।

खराब रही मुंबई की शुरुआत

मुंबई को शुरुआती ओवरों में अजिंक्य रहाणे (शून्य) और हार्दिक तामोर (एक) के आउट होने से दो झटके लगे। टीम का स्कोर दो विकेट पर 21 रन हो गया। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रनों की शानदार पारी खेलकर लय में वापसी जारी रखी और म्हात्रे के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी कर मुंबई की पारी को संभाला। वह 12वें ओवर में यश ठाकुर की गेंद पर यश राठौड़ को कैच देकर आउट हुए। इसके बाद क्रीज पर आये भारतीय हरफनमौला दुबे ने 19 गेंद की नाबाद पारी में तीन छक्के और इतने ही चौके के साथ नाबाद 39 रन की पारी खेली। उन्होंने म्हात्रे के साथ केवल 35 गेंद पर 85 रन की अटूट साझेदारी कर मुंबई को बड़ी जीत दिला दी।

विदर्भ ने बनाए थे 9 विकेट पर 192 रन

इससे पहले अथर्व तायडे (64) और अमन मोखड़े (61) के अर्धशतकों की बदौलत विदर्भ ने नौ विकेट पर 192 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज तायडे और मोखड़े ने पहले 10 ओवरों में 115 रनों की साझेदारी करके विदर्भ के लिए मजबूत मंच तैयार किया लेकिन टीम 200 के आंकड़े को पार करने में नाकाम रही। तायडे ने 36 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाए जबकि मोखड़े ने केवल 30 गेंदों पर 61 रनों की पारी में दो छक्के और सात चौके लगाए। दुबे और साईराज पाटिल (33 रन पर तीन विकेट) आपस में छह विकेट साझा कर विदर्भ की रन गति को नियंत्रित करने में सफल रहे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article