पोर्ट ऑफ स्पेन: टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाते हुए वेस्टइंडीज की टीम को दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 255 रन पर ढेर कर दिया। 229 रन पर 5 विकेट के साथ चौथे दिन के खेल की शुरुआत करने उतरी वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को सिराज ने सिराज ने पिच पर पैर नहीं जमाने दिए। 7.4 ओवर में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी केवल 26 रन जोड़ सके और 5 विकेट गंवा दिए।
वेस्टइंडीज-ऑस्ट्रेलिया में पंजा झटकने वाले तीसरे भारतीय पेसर
सिराज ने 23.4 ओवर में 60 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने कपिल देव और जसप्रीत बुमराह के साथ भारतीय तेज गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए। जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज दोनों देशों में टेस्ट पारी में पांच विकेट चटकाए हैं। सिराज ने साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन में 73 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे। सिराज ने टेस्ट करियर में दूसरी बार पंजा झटका है। दोनों ही बार उन्होंने ऐसा विदेशी सरजमीं पर किया है।
ऐसा रहा है टेस्ट में अबतक सिराज का प्रदर्शन
सिराज अपने टेस्ट करियर में खेले 21 मैच की 38 पारियों में 29.83 के औसत से 59 विकेट चटका चुके हैं। पोर्ट ऑफ स्पेन में किया उनका प्रदर्शन टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया है। एक मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 126 रन देकर 8 विकेट रहा है। जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में किया था। पोर्ट ऑफ स्पेन में उनके पास अपने इस व्यक्तिगत रिकॉर्ड को भी बेहतर करने का शानदार मौका है।
