क्रिकेट

पहली गेंद के सिकंदर बने मोहम्मद शमी, तोड़ दिया जोफ्रा आर्चर का रिकॉर्ड

लखनऊ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर पंजाब के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य को आउट कर यह कारनामा किया।

Image

मोहम्मद शमी (साभार-x)

लखनऊ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार वापसी की। 197 रन का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की ओर से पारी का आगाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने की। दोनों से इस अहम मुकाबले में अच्छी शुरुआत की दरकार थी, लेकिन मोहम्मद शमी ने इस पर पानी फेर दिया। पारी की पहली ही गेंद पर शमी ने प्रियांश आर्य को पहली बार खेल रहे अर्जुन तेंदुलकर के हाथों पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही मोहम्मद शमी ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

मोहम्मद शमी ने तोड़ा आर्चर का रिकॉर्ड

मोहम्मद शमी ने छठी बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लेकर आईपीएल में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस मामले में जोफ्रा आर्चर को पीछे छोड़ दिया जो 5 बार पारी की पहली गेंद पर यह कारनामा कर चुके हैं। हालांकि, अब भी आर्चर के पास इसे तोड़ने का मौका होगा, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स अपना आखिरी लीग मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी और अगर वह जीत दर्ज करने में कामयाब रही तो प्लेऑफ में भी आर्चर के पास मौके होंगे।

पहले ओवर में शमी का रिकॉर्ड

शमी को पिछले मुकाबले में राजस्थान के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की। पहले ओवर में इस सीजन शमी की गेंदबाजी शानदार रही थी। इस सीजन 13 ओवर में शमी ने 7.23 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने 5 विकेट चटकाए और शमी ने इस दौरान 61.5 प्रतिशत गेंदे डॉट डाली।

मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन का स्कोर खड़ा किया। जोश इंग्लिस ने सर्वाधिक 72 रन की पारी खेली जबकि आयुष बडोनी ने 43 और अब्दुल समद ने 37 रन की पारी खेली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article