लाइफस्टाइल

विश्व डाक दिवस: खतों में आज भी महकता है प्यार, आखिर क्यों फोन के मैसेज नहीं दे पाते चिट्ठियों जैसा सुकून

मैसेजिंग वाले दौर में अपनों से बात करना आसान तो हुआ है, लेकिन हाथ से लिखे खतों का एहसास आज भी अलग है। विश्व डाक दिवस पर जानिए क्यों चिट्ठियां केवल संदेश नहीं, बल्कि यादों और भावनाओं की अनमोल निशानी हैं।

Image

खतों में आज भी महकता है प्यार, आखिर क्यों फोन के मैसेज नहीं दे पाते चिट्ठियों जैसा सुकून

एक समय था, जब डाकिया गली में आता था, तो कई लोग अपने दरवाजे पर नजरें टिकाए रहते थे। किसी को बेटे की चिट्ठी का इंतजार होता था, तो कोई अपने दूर बैठे पति का प्यार और फिक्र कागज के टुकड़े में खोजती थी। लिफाफा हाथ में आते ही चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी। लिफाफे पर लिखे नाम को देखकर ही दिल में हलचल होने लगती थी। खत खोलते समय मन में उत्सुकता रहती थी कि आखिर सामने वाले ने क्या लिखा होगा। कई लोग चिट्ठियों को बार-बार पढ़ते थे, फिर उन्हें मोड़कर किसी किताब, डायरी या अलमारी में संभालकर रख देते थे। वक्त गुजर जाता था, लेकिन उन कागजों पर लिखे शब्दों का जादू बना रहता था।

आज वही बातें कुछ सेकंड में WhatsApp मैसेज, वीडियो कॉल और वॉइस नोट के जरिए पहुंच जाती हैं। अब संदेशों का इंतजार कम हो गया है, लेकिन क्या उनके साथ जुड़ा एहसास भी बदल गया है? हर साल 9 अक्टूबर को मनाया जाने वाला विश्व डाक दिवस हमें इसी बदलाव के बारे में सोचने का मौका देता है। तकनीक ने दूरी जरूर घटाई है, लेकिन हाथ से लिखे खतों की अपनी एक अलग दुनिया है, जहां शब्दों के साथ लिखने वाले की भावनाएं भी कागज पर उतर आती हैं।

खतों में क्यों महकता है प्यार?

हाथ से लिखी चिट्ठी की खासियत उसके शब्दों के साथ-साथ उसे लिखने के तरीके में भी छिपी होती है। कोई शब्द काटकर दोबारा लिखा गया हो, कहीं लिखावट थोड़ी टेढ़ी हो या आखिर में छोटा-सा संदेश जोड़ा गया हो, तो ये बातें खत को अपना बना देती हैं। कई बार चिट्ठी में बहुत बड़ी बात नहीं लिखी होती। सिर्फ इतना लिखा होता है कि अपना ख्याल रखना या तुम्हारी बहुत याद आती है। लेकिन जब यही शब्द अपने हाथों से कागज पर उतारे जाते हैं, तो उनका एहसास अलग हो जाता है। शायद इसलिए पुराने खत पढ़ते समय लोग सिर्फ बातें नहीं पढ़ते, बल्कि उस समय और उस रिश्ते को भी याद करते हैं।

मैसेज नहीं ले सकते चिट्ठियों की जगह

फोन ने बातचीत को आसान और तेज बना दिया है। दूर बैठे किसी व्यक्ति से तुरंत बात की जा सकती है, तस्वीरें भेजी जा सकती हैं और वीडियो कॉल पर चेहरा भी देखा जा सकता है। इसमें कोई शक नहीं कि डिजिटल माध्यम आज की जरूरत हैं। लेकिन मैसेज अक्सर बातचीत के बीच खो जाते हैं। फोन बदलने, चैट डिलीट होने या पुराने संदेशों तक पहुंच न होने पर कई यादें भी पीछे छूट जाती हैं। इसके उलट, एक खत को संभालकर रखा जा सकता है। सालों बाद उसे खोलने पर पुरानी यादें फिर से ताजा हो सकती हैं।

इस बार किसी अपने को खत लिखकर देखिए

चिट्ठियों के साथ केवल बातें नहीं बल्कि एहसास भेजे जाते हैं। अगर आपने आज तक किसी को खत नहीं लिखा, तो आज ही कागज का एक टुकड़ा और पेन उठाकर अपने दिल की बातें उसपर लिख दें। दोस्त, पेरेंट्स या कोई अपना जिसे दिल का हाल बयां करना हो और कोई नहीं तो एक बार खुद को भी खत लिखकर देखें.. बेशक ही छोटा सा खत किसी के भी चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान ला सकता है।

मैसेजेज में आपकी बातें पल में आई गई हो जाती है। लेकिन खतों में बातें, वादें और एहसास कुछ ठहर से जाते हैं। शायद यही वजह है कि तकनीक कितनी भी आगे बढ़ जाए, चिट्ठियों की जगह कोई नहीं ले सकता।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article