क्रिकेट

मोहम्मद शमी के सामने कंगारुओं ने टेके घुटने, झटके 14 गेंद में बगैर रन दिए तीन विकेट

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 17, 2023, 05:36 PM IST

भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की कहर बरपाती तेज गेंदों के सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मुंबई में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में घुटने टेक दिए।

Image

मार्कस स्टोइनिस के विकेट का जश्न मनाते मोहम्मद शमी

Photo : AP

मुंबई: भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मुंबई में खेले जा रहे सीरीज के पहले वनडे में अपनी तेज रफ्तार गेंदों से कहर बरपाते हुए कंगारुओं को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 35.4 ओवर में महज 188 रन बनाकर ढेर हो गई। शमी ने 6 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

पहले स्पेल में खाली रही झोली, दूसरे में बरपाया कहर

मोहम्मद शमी ने अपने पहले स्पेल में कसी हुई शुरुआत की और 3 ओवर में 9 रन दिए लेकिन कोई विकेट अपने नाम नहीं कर सके। लेकिन अपने दूसरे स्पेल में उन्होंने कहर बरपा दिया। दूसरे स्पेल में शमी ने 3 ओवर में 2 मेडन डाले और कुल 8 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। दूसरे स्पेल की अपनी आखिरी 14 गेंद में शमी ने कोई रन नहीं दिया (W, 0, 0, 0, W, 0, 0, 0, 0, 0, W, 0, 0, 0) और तीन विकेट अपने खाते में दर्ज करा लिए।

स्टोइनिस और ग्रीन के उखाड़े स्टंप

शमी ने मार्कस स्टोइनिस, कैमरन ग्रीन और जोस इंग्लिश जैसे बल्लेबाजों का शिकार किया जो निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए बड़ी पारी खेलने का माद्दा रखते हैं लेकिन शमी ने इन तीनों को कोई मौका नहीं दिया। इंग्लिश और ग्रीन की शमी ने गिल्लियां बिखेर दीं। वहीं शमी की गेंद पर मार्कस स्टोइनिस का शानदार कैच स्लिप पर डाइव लगाकर लपक लिया। शमी के अलावा मोहम्मद सिराज ने भी शानदार गेंदबाजी की और उन्होंने 5.4 ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article