स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Mohammed Shami 100 First Class Match: भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक और ऐतिहासिक उपलब्ध हासिल करने की कगार पर हैं। शनिवार को जब वह दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच के लिए मैदान पर उतरेंगे तो एक अनोखी उपलब्धि हासिल करेंगे। वह अपना 100वां फर्स्ट क्लास मैच खेलेंगे। मैच से पहले बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) उन्हें उनकी इस उपलब्धि पर एक विशेष सम्मान से सम्मानित करेगी।
दिगग्ज तेज गेंदबाज, जिन्होंने फिलहाल 99 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। 35 वर्षीय शमी ने अब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 382 विकेट लिए हैं और घरेलू क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 रन देकर 8 विकेट रहा है। शमी चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले के लिए मैदान पर उतरेंगे। इससे पहले उन्हें बंगाल क्रिकेट द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
सौरव गांगुली के हाथों मिलेगा पुरस्कार
सीएबी ने बताया कि अध्यक्ष सौरव गांगुली द्वारा हस्ताक्षरित क्रिकेट गेंद, 100 नंबर वाली एक जर्सी और एक चांदी की थाली मोहम्मद शमी को भेंट की जाएगी। सीएबी कोषाध्यक्ष संजय दास ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, शमी बंगाल क्रिकेट का गौरव और एक महान खिलाड़ी हैं। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पूरी होने पर राज्य संघ की ओर से यह एक छोटा सा सम्मान है।
टीम इंडिया में वापसी को बेताब
शमी ने ईस्ट जोन को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल की दोनों पारियों में कुल 6 विकेट लिए। घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने के बावजूद, शमी अभी भी भारतीय अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर हैं। राष्ट्रीय टीम के लिए उनका आखिरी मैच मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल था।
इसके बावजूद शमी घरेलू क्रिकेट सर्किट में सक्रिय रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए भारत की तत्काल योजनाओं में भी इस तेज गेंदबाज को शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, दलीप ट्रॉफी का फाइनल शमी के लिए भारतीय टीम में वापसी का दावा पेश करने का मौका हो सकता है।
