Mohammed Shami, IND vs AUS WTC Final 2023: लंदन के ओवल मैदान की पिच पर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के पहले दिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने अपना प्रभाव छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस खिताबी टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारतीय तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को जो शुरुआती झटके दिए वो सभी देखने लायक थे, लेकिन मोहम्मद शमी ने जिस तरह दुनिया के नंबर.1 टेस्ट बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को बोल्ड किया, वो सबसे शानदार रहा।
ऑस्ट्रेलिया को दो झटके लग चुके थे। मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर ने उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था। लेकिन आईसीसी विश्व टेस्ट रैंकिंग में दुनिया के नंबर.1 टेस्ट बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन पिच पर खूंटा गाड़ चुके थे। वो 61 गेंदों में 26 रन बनाकर खेल रहे थे और किसी तरह उनको आउट करना जरूरी हो चुका था।
तभी पारी के 25वें ओवर में मोहम्मद शमी गेंदबाजी करने आए और ओवर की पहली ही गेंद इतनी शानदार थी कि लाबुशेन इसको भांप ही नहीं सके। उन्होंने फ्रंट फुट आगे करके गेंद खेलने की कोशिश की लेकिन तब तक गेंद ऑफ स्टंप बिखेरते हुए आगे निकल चुकी थी। लाबुशेन भी सन्न नजर आए और टीम इंडिया झूम उठी।
देखिए मार्नस लाबुशेन के विकेट का वीडियो
मार्नस लाबुशेन ने 62 गेंदों में 26 रनों की पारी खेली जिसमें 3 चौके शामिल थे। मोहम्मद शमी की इस गेंद के कारण टीम इंडिया को काफी राहत मिली क्योंकि लाबुशेन सबसे बड़ी चुनौती साबित होते नजर आ रहे थे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 7 जून से 11 जून के बीच खेला जाएगा। पहले दिन बारिश नहीं हुई और ये राहत की बात रही लेकिन मैच के अंतिम दिनों में बारिश हो सकती है।
