क्रिकेट

Mohammad Shami Fitness: मोहम्मद शमी की ऑस्ट्रेलिया रवानगी को लेकर आई अच्छी खबर, जानिए कब होंगे रवाना

टीम इंडिया की एडिलेड टेस्ट में हार की आहट के बीच मोहम्मद शमी की ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवानगी को लेकर आई है अच्छी खबर। जानिए कब होंगे ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना?

Image

मोहम्मद शमी(साभार ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट में खेलेंगे शमी
  • एनसीए के फिटनेस सर्टिफिकेट का है इंतजार
  • सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद होंगे ऑस्ट्र्लिया रवाना

नई दिल्ली: भारत के सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही श्रृंखला के आखिरी दो टेस्ट में खेलने के लिए तैयार हैं और उनकी ‘प्लेइंग किट’ पहले ही ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है जबकि एनसीए की मेडिकल टीम से फिटनेस मंजूरी मिलना बस औपचारिकता मात्र है।

बॉक्सिंग डे-टेस्ट में खेलते नजर आएंगे शमी

बंगाल के इस अनुभवी क्रिकेटर के लिए 14 दिसंबर से ब्रिसबेन में शुरू हो रहे टेस्ट में खेलना आसान नहीं हो सकता है। लेकिन यह तय है कि वह ‘बॉक्सिंग डे’ (26 दिसंबर) को मेलबर्न में चौथे टेस्ट में दिखाई देंगे। इस क्रिकेटर के करीबी एक सूत्र ने बताया कि एनसीए से फिटनेस प्रमाण पत्र बहुत जल्द मिल जाएगा। सूत्र ने पीटीआई को बताया,'शमी की भारतीय किट पहले ही ऑस्ट्रेलिया भेज दी गई है। वह मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट को पूरा करेंगे और फिर रवाना हो जाएंगे।'

घुटने में सूजन की वजह से हुई वापसी में देरी

शमी (34 साल) भारत के लिए पिछला टूर्नामेंट नवंबर 2023 में वनडे विश्व कप फाइनल में खेले थे और इसके बाद टखने की सर्जरी के कारण उन्हें लंबे समय तक बाहर रहने पर मजबूर होना पड़ा। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी वापसी तय लग रही थी लेकिन इससे ठीक पहले शमी के घुटने में सूजन आ गई जिससे उनकी वापसी में देरी हुई।

एनसीए से फिटनेस सर्टिफिकेट मिलने का है इंतजार

वहीं सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का नॉकआउट दौर बेंगलुरु में हो रहा है इसलिए उम्मीद है कि एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) की मेडिकल टीम के प्रमुख डॉ. नितिन पटेल और ‘स्ट्रेंथ’ और अनुकूलन ट्रेनर निशांत बोरदोलोई बंगाल के राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप में टीम का अभियान खत्म होने के बाद उनका आकलन करेंगे।

शास्त्री की मांग को बंगाल के कोच ने बताया जायज

बंगाल के मुख्य कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला अपने मुख्य गेंदबाज पर नजर रखे हैं। उन्होंने पीटीआई से कहा,'शमी चंडीगढ़ के खिलाफ हमारे लिए प्री-क्वार्टर फाइनल खेलेंगे। वह कल तक बेंगलुरु में हमारे साथ जुड़ जाएंगे। हालांकि, मुझे नहीं पता कि अगर हम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं तो वह उपलब्ध होंगे या नहीं। लगता है कि वह फिट होंगे और ऑस्ट्रेलिया के आखिरी दो टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे।'शुक्ला भी भारत के पूर्व प्रमुख रवि शास्त्री के विचार से सहमत हैं जिन्हें लगता है कि ब्रिस्बेन में शमी की जरूरत है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article