Mohammad Rizwan Praise Virat Kohli: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने रविवार (12 मई 2024) को शानदार प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड क्रिकेट टीम को दूसरे टी20 मैच में बुरी तरह से हरा दिया। डबलिन में सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और फखर जमान ने बल्ले से शानदार भूमिका निभाते हुए आयरलैंड के साथ चल रही तीन मैचों की श्रृंखला में पाकिस्तान को बराबरी हासिल करने में मदद की। इस जीत के बाद टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने कोहली की जमकर तारीफ की।
आयरलैंड ने शुरुआती मुकाबले में पांच विकेट से जीत के साथ श्रृंखला में 1-0 की बढ़त ले ली थी, लेकिन दूसरे मैच में पाकिस्तान ने 16.5 ओवर में 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। आखिरी मुकाबले में विजेता का नाम तय होगा।
रिजवान ने की कोहली की तारीफ
रिज़वान ने अपने शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर-ऑफ-द-मैच का पुरस्कार जीता और जब उन्हें पता चला कि वे कोहली के बाद इकलौते खिलाड़ी हैं जिनका टी20ई में एवरेज 50 से ज्यादा का है तो वे चेज मास्टर की तारीफ करने में पीछे नहीं हटे। रिजवान ने ये खुलासा किया कि उन्होंने विराट से बहुत कुछ सीखा है।
मैं कोहली का सम्मान करता हूं- रिजवान
मैच के बाद रिजवान ने कहा कि - 'विराट कोहली एक अच्छे खिलाड़ी हैं और हमने उनसे बहुत कुछ सीखा है। मैं उनका सम्मान करता हूं।' कोहली ने 117 T20I में 51.75 की औसत से 4037 रन बनाए हैं, जबकि 95 T20I में 3124 रन बनाने के बाद रिजवान का औसत 50.38 है। रिजवान ने आगे कहा कि 'मैं अपने नंबरों को नहीं देखता, अगर आप औसत को देखते हैं, तो आप एक औसत खिलाड़ी हैं। अगर आप मैच की स्थिति और परिस्थितियों को देखें तो यह बेहतर है।'
रिजवान ने की आयरलैंड की तारीफ
मोहम्मद रिजवान ने आगे आयरलैंड की तारीफ करते हुए कहा कि 'अगर आप पूरे मैच को देखें, तो उन्होंने (आयरलैंड) वास्तव में अच्छा खेला। इसलिए उन्हें श्रेय देना होगा दोस्तों। 194 रन का पीछा करना आसान नहीं है क्योंकि आयरलैंड परिस्थितियों को जानता है और उन्होंने शुरुआत में ही मुश्किल समय दिया लेकिन हमने आक्रमण करने का फैसला किया और यही कारण है कि हम सफल रहे।'
