क्रिकेट

Rohit Sharma 12K Runs: रोहित शर्मा स्पेशल 'दोहरे शतक' के साथ वनडे क्रिकेट में बने 12 हजारी

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे मैच के दौरान वनडे क्रिकेट में 12 हजार रन पूरे कर लिए। इस मुकाम पर पहुंचने वाले रोहित दुनिया के सातवें और तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

Rohit Sharma 12K Runs in ODIs: रोहित शर्मा ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में जीत के लिए 406 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया को कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर आतिशी शुरुआत दी। रोहित ने अपने जाने पहचाने अंदाज में चौकों-छक्कों की झड़ी लगाते हुए अपना अर्धशतक 32 गेंद में 5 चौके और चार छक्के की मदद से पूरा कर लिया। रोहित शर्मा ने शानदार छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित खबर लिखे जाने तक 55 गेंद में 79 रन बनाकर खेल रहे हैं। वो अपनी पारी में 7 चौके और 6 छक्के जड़ चुके हैं।

एक देश में 200 छक्के जड़ने वाले पहले बैटर

गुवाहाटी वनडे से पहले रोहित शर्मा को भारतीय सरजमीं पर इस फॉर्मेट में 200 छक्के के आंकड़े को छून के लिए चार गगनचुंबी शॉट्स की जरूरत थी। उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा करते-करते एकदिवसीय क्रिकेट में दो सौ छक्के पूरे कर लिए। वनडे क्रिकेट में किसी एक देश में 200 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। उनसे पहले दुनिया का कोई और बल्लेबाज एक देश में इतने छक्के नहीं जड़ सका था।

वनडे में बने सातवें 12 हजारी

रोहित शर्मा को वनडे क्रिकेट में 12 हजार रन के आंकड़े को छूने के लिए गुवाहाटी में 73 रन की दरकार थी। इस आंकड़े को रोहित ने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर छुआ। रोहित इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के सातवें और भारत के तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (18,426) और विराट कोहली (15,080) ये उपलब्धि हासिल कर सके हैं। इस स्पेशल क्लब में शामिल होना हिटमैन के लिए विशिष्ट उपलब्धि है। इन तीन के अलावा श्रीलंका के कुमार संगकारा(14,234), ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग (13,704), श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (13,430) और महेला जयवर्धने (12,650) ने ये उपलब्धि हासिल की है। इस स्पेशल क्लब में रिकी पॉन्टिंग एकलौते गैर एशियाई खिलाड़ी हैं।

दूसरे सबसे तेज 12 हजारी, सचिन को छोड़ा पीछे

रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज गति से 12 हजार रन बनाने वाले बैटर बन गए हैं। पारी के हिसाब से 12 हजार रन पूरे करने के मामले में रोहित ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। सचिन 300वीं पारी में 12 हजारी बने थे। वहीं रोहित को इसके लिए 282 पारी खेलनी पड़ी। पहले पायदान पर काबिज विराट ने महज 242 पारी में 12 हजार रन पूरे कर लिए थे। सबसे कम गेंद में 12 हजार रन बनाने के मामले में रोहित विराट कोहली से ही पीछे हैं। विराट कोहली ने वनडे में 12 हजार रन पूरे करने के लिए 12853 गेंद का सामना किया था। वहीं रोहित को इसके लिए 12, 973 गेंद खेलनी पड़ी।

विंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के

रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित शर्मा के खाते में अर्धशतक सहित कुल 43 छक्के दर्ज हो गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article