स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुवाहाटी का दूसरा वनडे मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़ा। इसकी मदद से वेस्टइंडीज ने अपने 53 साल के वनडे इतिहास में एक अनोखी उपलब्धि हासिल की। टीम ने पहली बार एक वनडे मैच में तीन शतक जड़ने का कमाल किया। इसके अलावा भी कई अन्य रिकॉर्ड अपने नाम किए।
गुवाहाटी में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कैंपबेल और कीसी कार्टी ने टीम को धीमी शुरुआत दिलाई। हालांकि, तीन ओवर के बाद कैंपबेल ने अपना मूड बदल लिया और वह आक्रामक बल्लेबाजी करने लगे। कैंपबेल ने 29 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 65 गेंद पर शतक पूरा किया।
तीन बल्लेबजों ने जड़ा शतक
कैंपबेल के बाद कप्तान शाई होप ने 90 गेंद पर शतक जड़ा। वह वेस्टइंडीज के लिए सर्वाधिक वनडे शतक (20) जड़ने वाले दूसरे कैरेबियाई बल्लेबाज बने। उन्होंने ब्रायन लारा (19) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद पहले मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले आमिर जंगू ने इस बार अपना शतक पूरा किया। यह शतक पूरा होते ही वेस्टइंडीज ने वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया। वेस्टइंडीज ने पहली बार वनडे क्रिकेट के एक मैच तीन शतक की हैट्रिक लगाई। वहीं, वनडे क्रिकेट में यह छठी बार हुआ जब एक ही मैच में तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़े।
एक वनडे पारी में तीन शतक
- SA vs WI जोहन्सबर्ग 2015
- SA vs Ind वानखेड़े 2015
- Eng vs Ned एम्सटलवीन 2022
- SA vs SL दिल्ली 2023
- Aus vs SA मैके 2025
- WI vs Ind गुवाहाटी 2026
ये भी बने रिकॉर्ड
वहीं, यह सिर्फ दूसरी बार है, जब किसी वनडे सीरीज या टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज के चार बल्लेबाजों ने शतक लगाया है। आज के मैच में कैंपबेल, होप और जंगू जबकि जस्टिन ग्रीव्स ने पहले वनडे में शतक लगाया था। इससे पहले 1985 के बेंसन एंड हेजेस वर्ल्ड सीरीज के दौरान वेस्टइंडीज की तरफ से डेसमेंड हेंस, विवियन रिचर्ड्स, गार्डन ग्रीनिज और लॉरी गोम्स ने शतक लगाया था।
इसके अलावा ऐसा पहली बार हुआ कि जब किसी बाइलेटरल वनडे सीरीज के पहले दो मैचों में छह शतक लगे हों। वेस्टइंडीज की तरफ से लगे चार शतकों के अलावा पहले वनडे के दौरान भारत के शुभमन गिल और विराट कोहली ने शतक लगाया था।
