कल का मौसम कैसा रहेगा : उत्तर भारत में पिछले दिनों हुई मानसूनी गतिविधियों के बाद अब बादलों के साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का मानना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून वापस लौट गया है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में कभी-कभार बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश की संभावना लगभग खत्म हो रही है, लेकिन अब तापमान सामान्य रहेगा और रात्रि के वक्त ओस और ठंडक महसूस होगी। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रह सकता है, जिससे हल्की फुल्की बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां हो सकती हैं। हालांकि, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मानसून सक्रिय रहेगा और कई हिस्सों पर तेज आंधी-तूफान और मेघ गर्जन के साथ मध्यम से भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। उधर, महाराष्ट्र और गुजरात में बूंदाबांदी के अलावा भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली- एनसीआर में पिछले 36 घंटे से मौसम साफ है। सुबह से हल्की धूप निकलने से दिन लोगों को उमस का एहसास हुआ, लेकिन रात में काफी तापमान कम रहा, जिससे सर्द भी महसूस हुई। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा और ओस की मात्रा में बढ़ोतरी होगी। अब दिन के मुकाबले रात का तापमान कम रहेगा, जिससे लोगों को सुहावने मौसम का एहसास होगा। अब धीरे-धीरे मौसम बदलने के साथ सुबह और शाम सर्द महसूस होगा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेलिसिय के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसूनी गतिविधियां कम होने से प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी होगी और एक्यूआई में बढ़ोतरी से हवा की क्वालिटी खराब होगी। सीपीसीबी की मानें तो कुछ इलाकों में एक्यूआई 140 के ऊपर पहुंच गई है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, अब सप्ताह भर राज्य के अधिकतर भागों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर, टोंक, उदयपुर तथा बीकानेर जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। बूंदी जिले में भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक 68 मिलीमीटर बारिश नैनवां (बूंदी) में दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान फलौदी में 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकतर भागों में मौसम मुख्यतः सूखा रहने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में अभी मानसूनी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। उत्तर भारत से मानसून की वापसी के बाद डीप डिप्रेशन कमजोर हो रहा है, जिसके बाद मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आ सकता है। साथ ही मेघ गर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान तेज हवाओं के अलावा आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। अत्यधिक वर्षा के कारण नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
दक्षिण में कमजोर हुआ मानसून
दक्षिण भारत में मानसून कमजोर तो हुआ है, लेकिन अभी बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो समुद्र तटीय भागों पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में तेज तूफान आ सकता है। अगले 48 घंटे के दौरान कुछ हिस्सों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बादलों की गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश दर्ज की जाएगी। आईएमडी ने अगले दो दिन तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मध्यम से भारी स्तर की वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को समुद्री इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। उधर, गुजरात, कोंकड़, गोवा, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी।
तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के 11 जिलों और कराईकल में कुछ जगहों पर तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि नीलगिरी, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई और तिरुचिरापल्ली में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, आंधी-तूफान के दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तमिलनाडु में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस तरह, राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ-साथ दिन में ज़्यादा गर्मी रहने का संकेत मौसम विभाग ने दिया है। पश्चिमी घाट के साथ-साथ कई उत्तरी, मध्य और दक्षिणी जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की उम्मीद है। इन जिलों में तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, अरियालुर, पेरम्बलुर, करूर, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मदुरै, शिवगंगा, रामनाथपुरम और थूथुकुडी शामिल हैं। पुडुचेरी में भी आंधी-तूफान के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
