क्रिकेट

चाइनामैन कुलदीप यादव ने जड़ा विकेटों का 'दोहरा शतक', तोड़ा फिरकी के जादूगर शेन वॉर्न का रिकॉर्ड

भारत के चाइनमैन स्पिनर कुलदीप यादव ने बुधवार को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में अपना नाम रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया है। उन्होंने शेन वॉर्न का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

Image

कुलदीप यादव (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Verified/AP)

गुवाहाटी: भारत के बाएं हाथ के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने फॉर्म को तिरुवनंतपुरम के बाद गुवाहाटी में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में भी जारी रखा। उन्होंने 10 ओवर में 65 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने विंडीज के कप्तान शाई होप और किमो पॉल को अपना शिकार बनाया। कीमो पॉल को विराट कोहली के हाथों कैच कराकर वनडे क्रिकेट में 200 विकेट के आंकड़े को पार कर लिया। कुलदीप ने ये उपलब्धि 123वें मैच की 120वीं पारी में हासिल की।

200 विकेट चटकाने वाले नौवें भारतीय

कुलदीप यादव एकदिवसीय क्रिकेट में 200 विकेट चटकाने वाले नौवें भारतीय हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले(334), जवागल श्रीनाथ(315), अजीत आगरकर (288), जहीर खान (269), हरभजन सिंह(265), कपिल देव(253), रवींद्र जडेजा (234) और मोहम्मद शमी (206) ने वनडे में 200 या उससे ज्यादा विकेट चटकाएं।

सबसे तेज 200 विकेट चटकाने वाले भारतीय स्पिनर

सबसे कम मैच में 200 या उससे ज्यादा विकेट चटकाने वाले कुलदीप भारत के सबसे तेज स्पिनर और दूसरे सबसे तेज गेंदबाज बन गए हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 104 मैच में 200 विकेट वनडे में पूरे किए थे। वहीं कुलदीप 123 मैच में ये उपलब्धि हासिल करके इस सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर 133 मैच के आंकड़े के साथ तीसरे, जहीर खान 144 मैच के साथ चौथे पायदान पर हैं। अनिल कुंबले और जवागल श्रीनाथ ने 147 मैच में वनडे में 200 विकेट के आंकड़े को पार किया था। इस लिहाज से देखें तो कुलदीप ने अनिल कुंबले को भी पीछे छोड़ दिया है।

शेन वॉर्न का तोड़ा रिकॉर्ड

सबसे कम गेंद में वनडे में 200 विकेट झटकने के मामले में कुलदीप यादव दुनिया के सर्वकालिक दिग्गज स्पिनरों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। सबसे कम गेंद में दो सौ विकेट झटकने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सकलैन मुश्ताक के नाम दर्ज है। उन्होंने 5451 गेंद में 200 विकेट पूरे किए थे। दूसरे पायदान पर काबिज अफगानिस्तान के राशिद खान को इसके लिए 5,782 गेंद खेलनी पड़ी थी। कुलदीप यादव 6,385 गेंद में विकेटों का दोहरा शतक पूरा करके तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा ने 6,881 गेंद और शेन वॉर्न ने 6,983 गेंद में 200 वनडे विकेट पूरे किए थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article