शहर

Delhi News: DU की छात्राओं की सुरक्षा पर LG का बड़ा एक्शन, अब कॉलेजों के आसपास होंगे पिंक बूथ, CCTV और पुलिस पेट्रोलिंग

Delhi News: दिल्ली विश्वविद्यालय के महिला कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एलजी सरदार टीएस संधू ने अहम बैठक की। बैठक में कॉलेजों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग, स्ट्रीट लाइट, CCTV और सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Image

DU के महिला कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा होगी और मजबूत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली विश्वविद्यालय के महिला कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर LG सरदार टीएस संधू ने बड़ी बैठक की। बैठक में LSR, लेडी इरविन, मिरांडा हाउस, दौलत राम, जीसस एंड मैरी, गार्गी, इंद्रप्रस्थ समेत 10 महिला कॉलेजों के प्रिंसिपल, DU के VC और दिल्ली पुलिस, ट्रांसपोर्ट, PWD, MCD, DDA व मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य फोकस कॉलेजों और उनके आसपास छात्राओं में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत करना रहा। कॉलेजों की ओर से ई-रिक्शा और ऑटो की मनमानी, सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की कमी, अतिक्रमण, अवैध वेंडिंग, अंधेरे रास्ते, असुरक्षित पार्क, सार्वजनिक शौचालय, अश्लील हरकतों और पर्याप्त पुलिस पेट्रोलिंग की कमी जैसी समस्याएं उठाई गईं। छात्राओं की रोजमर्रा की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए LG ने कॉलेजों के आसपास स्ट्रीट लाइट, CCTV और हाई-मास्ट लाइट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

कॉलेजों के आसपास बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

LG ने पुलिस को कॉलेजों, मेट्रो स्टेशनों और सुनसान रास्तों पर पेट्रोलिंग, PCR और पिकेट चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हर कॉलेज के लिए एक नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि छात्राओं की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। इसके अलावा कॉलेजों के आसपास पिंक बूथ बढ़ाने और प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।

ई-रिक्शा से लेकर अतिक्रमण तक पर कार्रवाई

कॉलेजों के गेट और आसपास रास्ते रोकने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और टैक्सी को व्यवस्थित करने के लिए अलग पिक-अप और ड्रॉप प्वाइंट बनाए जाएंगे। ट्रांसपोर्ट विभाग को कॉलेजों से मेट्रो स्टेशन तक कनेक्टिविटी बेहतर करने, शाम के समय शटल सेवा, U-Special और मेट्रो फीडर बसों की व्यवस्था पर काम करने को कहा गया है। MCD को कॉलेजों के आसपास अतिक्रमण, अवैध ढांचे और अनधिकृत वेंडिंग हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

अब बनेगा Student Safety App

छात्राओं की सुरक्षा के लिए एक Student Safety App विकसित करने का भी निर्देश दिया गया है। इसमें इमरजेंसी अलर्ट, GPS के जरिए लोकेशन शेयरिंग और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों की रियल टाइम रिपोर्टिंग की सुविधा होगी। साथ ही नॉर्थ और साउथ कैंपस के कॉलेजों को मिलाकर Inter-College Women Safety Committee बनाने का निर्देश दिया गया है। यह बैठक LG के पिछले कुछ दिनों के जमीनी निरीक्षणों के बाद हुई है। LG ने दौलत राम कॉलेज और इंद्रप्रस्थ कॉलेज में छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। वहीं 25 सितंबर को उन्होंने नॉर्दर्न रिज स्थित बोंटा पार्क का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा, रोशनी और डार्क स्पॉट की स्थिति का जायजा लिया था। सुरक्षा से जुड़े इन निर्देशों की प्रगति की हर पखवाड़े समीक्षा की जाएगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article