क्रिकेट

हिंदुस्तान को 16 साल दिए, हम उन्हें एक साल नहीं दे पाए- रोहित को हटाने जाने पर नेटवेस्ट के हीरो ने उठाए सवाल

रोहित शर्मा को अचानक कप्तानी से हटाने जाने पर क्रिकेट जगत में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। कोई इस फैसले का समर्थन कर रहे हैं तो इसके विरोध में बोलने वालों की संख्या कम नहीं है। इसी क्रम में पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने इस फैसले पर सवाल उठाए हैं।

Image

शुभमन गिल (साभार-X SHUBMAN GILL)

KEY HIGHLIGHTS
  • रोहित शर्मा को दिया जा सकता था एक साल
  • शुभमन गिल को कप्तान बनाए जाने की कैसी जल्दबाजी
  • मोहम्मद कैफ ने रोहित को हटाए जाने पर उठाए सवाल

शनिवार का दिन रोहित शर्मा के फैंस के लिए उस वक्त बुरी खबर लेकर आया जब ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की। ऐसा नहीं था कि इस 15 सदस्यीय टीम में रोहित शर्मा नहीं थे, लेकिन उनसे कप्तानी छीन ली गई थी। इस टीम के ऐलान के साथ टीम इंडिया के नए वनडे कप्तान शुभमन गिल के नाम का भी ऐलान किया गया जो हाल ही में टेस्ट टीम के कप्तान भी चुने गए थे, जब रोहित ने इस फॉर्मेट को अलविदा कहा था।

व्हाइट बॉल कप्तान के तौर पर बिना रोहित शर्मा के जिक्र के टीम इंडिया की सफलता की कहानी नहीं लिखी जाएगी, लेकिन उन्हें कप्तानी से हटाए जाने के तरीके से उनके फैंस सहित कुछ पूर्व खिलाड़ियों को झटका लगा है।

नेटवेस्ट सीरीज के हीरे कैफ ने उठाए सवाल

रोहित शर्मा को वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले यूं हटाए जाने के फैसले पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज और नेटवेस्ट सीरीज के हीरो रहे मोहम्मद कैफ ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हमने गिल को कमान सौंपने में जल्दीबाजी की है। कैफ ने कहा 'रोहित शर्मा ने हिंदुस्तान को 16 साल दिए और हम उनको एक साल नहीं दे पाए। बतौर कप्तान 16 आईसीसी मैच में 15 में उन्होंने टीम इंडिया को जीत दिलाई। केवल एक मुकाबला जोकि वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल था, हम उनकी कप्तानी में हारे।

उन्होंने आगे कहा 'चैंपियंस ट्रॉफी का जो आखिरी मुकाबला था, उसमें वह प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे। वहां ट्रॉफी जिता कर लाए। 2024 वर्ल्ड कप में जीता भारत। बड़प्पन दिखाया कि उन्होंने टी20 फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया जिससे युवाओं को मौका मिले। वह एक सेल्फलेस कप्तान थे। उन्होंने प्लेयर बनाए, उन्हें सिखाया और फिर संवारा। लेकिन हम उन्हें एक साल अतिरिक्त नहीं दे पाए।

गिल को कप्तान बनाने में जल्दबाजी

शुभमन गिल जो पहले से टेस्ट टीम के कप्तान हैं, वह अब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया की कमान संभालेंगे, लेकिन कैफ ने उन्हें वनडे के कप्तान बनाए जाने में जल्दबाजी का जिक्र किया। उन्होंने कहा 'गिल नए हैं, अच्छे कप्तान बन सकते हैं, पर हर चीज में जल्दबाजी करने की क्या जरुरत। छप्पड़-फाड़ के देने की आवश्यकता क्या है। उनका भी वक्त आएगा, लेकिन अभी रोहित शर्मा का वक्त था।

गिल ने कप्तानी में की बेहतरीन शुरुआत

गिल को जब टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई थी तो उनके सामने इंग्लैंड का कठिन दौरा था, लेकिन जिस तरह से उन्होंने इस जिम्मेदारी को लिया है वह काबिले तारीफ है। इंग्लैंड में जाकर गिल ने न केवल बल्ले से 700 से अधिक रन बनाए बल्कि सीरीज में एक युवा टीम के सहारे 2-2 की बराबरी की। अब उन्हें व्हाइट बॉल क्रिकेट में भी यही कारनामा करना है, जिसकी झलक ऑस्ट्रेलिया में देखने को मिल सकती है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article