क्रिकेट

पाकिस्तान के वर्ल्ड कप से बाहर होते ही मोहम्मद हफीज ने किया बवालिया ट्वीट, कहा-कुर्बानी के जानवर...

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के टी20 विश्व कप 2024 के पहले दौर से बाहर होते ही पाकिस्तानी क्रिकेट गलियारों में बवाल मच गया है। मोहम्मद हफीज ने तो एक बवालिया ट्वीट करके आग में घी डालने का काम कर दिया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम और मोहम्मद हफीज( Mohammad Hafeez)

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान पहले ही दौर में हुआ टी20 विश्व कप से बाहर
  • अमेरिका और भारत के खिलाफ हार पड़ी भारी
  • आखिरी लीग मैच खेलने से पहले ही तय हुई घर वापसी

बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम के टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड में पहुंचने के अरमानों पर शुक्रवार को पानी फिर गया। अमेरिका और आयरलैंड के फ्लोरिडा में खेले जाना वाला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। इसके बाद अमेरिका की टीम ग्रुप-ए से सुपर-8 राउंड में भारत के बाद पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई और पिछले बार की उपविजेता पाकिस्तान का सफर पहले ही दौर में थम गया।

कुर्बानी के जानवर हों हाजिर

बाबर आजम की टीम के सुपर-8 दौर से बाहर होते ही पाकिस्तान में बवाल मच गया। पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने एक विवादित ट्वीट(एक्स) करके हलचल मचा दी। हफीज ने ट्वीट करके कहा, कुर्बानी के जानवर हाजिर हों...#PakistanCricket। हफीज के ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं। एक मतलब तो ये है कि पाकिस्तान की हार के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाएगा, किसके सिर पर टीम की हार का ठीकरा फूटेगा और किसकी छुट्टी होगी। ये पाकिस्तानी क्रिकेट में तूफान आने का संकेत है।

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी पाकिस्तान को हार

पाकिस्तानी टीम बड़े दावों के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड होते हुए विश्व कप में शिरकत करने अमेरिका पहुंची थी। पाकिस्तान की टीम को आयरलैंड में एक टी20 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ चार मैच की टी20 सीरीज में 0-2 से हार मिली। पाकिस्तानी टीम की हार का सिलसिला अमेरिका पहुंचने के बाद भी नहीं थमा।

अमेरिका के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार

पाकिस्तान को अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में सुपर ओवर में 5 रन के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा। अपनी मजबूत गेंदबाजी का दंभ भरने वाला पाकिस्तान 160 रन के लक्ष्य का डलास में बचाव नहीं कर सका। मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर में गया। जहां पहले गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद आमिर ने 18 रन लुटा दिए। इसके बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज 6 गेंद में केवल 13 रन बना सके। पाकिस्तानी टीम अमेरिका के खिलाफ एक ही मुकाबले में दो बार हार गई।

भारत के खिलाफ बल्लेबाजों ने डुबोई लुटिया

अमेरिका के खिलाफ हार तो पाकिस्तान के लिए बड़ा जख्म थी। लेकिन इसपर मिर्च भारत के खिलाफ 6 रन के अंतर से करीबी हार के बाद लगी। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने न्यूयॉर्क में अपना दम दिखाते हुए 19 ओवर में 119 के स्कोर पर टीम इंडिया को ढेर कर दिया। लेकिन इसके बाद भारतीय पेस बैटरी ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों का दम निकालते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 113 रन बनाने दिए और 6 रन के करीबी अंतर से मैच अपने नाम कर लिया। पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने टीम की लुटिया डुबो दी।

करनी पड़ी टीम इंडिया की जीत की दुआ

ये दो हार पाकिस्तानी टीम के लिए गले की हड्डी बन गई। उसे सुपर-8 में पहुंचने के लिए भारतीय टीम की कनाडा और अमेरिका के खिलाफ जीत की दुआ करनी पड़ी। साथ ही अमेरिका के खिलाफ आयरलैंड की जीत की दुआ करनी पड़ी लेकिन बारिश ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। कुदरत का निजाम भी उन्हें सुपर-8 राउंड से बाहर होने से नहीं बचा सका। बारिश की वजह से अमेरिका-आयरलैंड को एक-एक अंक मिले लेकिन चार मैच में पांच अंक के साथ अमेरिका सुपर-8 राउंड में पाकिस्तान को पछाड़कर पहुंचने में सफल रहा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article