क्रिकेट

MLC 2025: ट्रेंट बोल्ट ने गेंद के बाद बल्ले से किया कमाल, एमआई न्यूयॉर्क ने क्वालिफायर 2 में मारी एंट्री

MLC 2025 Qualifier: मेजर लीग क्रिकेट 2025 में हर रोज कई रोमांचक मैच खेले जा रहे हैं इसी कड़ी में गुरुवार को एमआई न्यूयॉर्क ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सेन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न को करारी हार थमा दी है।

Image

मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क (फोटो-MLC/X)

MLC 2025 Qualifier: एमआई न्यूयॉर्क ने मेजर लीग क्रिकेट 2025 (एमएलसी) के रोमांचक एलिमिनेटर मुकाबले में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को दो विकेट से हराकर क्वालिफायर-2 में प्रवेश कर लिया है। डलास में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ एमआई न्यूयॉर्क अब टेक्सास सुपर किंग्स से भिड़ेगी, और फाइनल का टिकट तय करने की कोशिश करेगी।

सैन फ्रांसिस्को की पारी ढही 131 रन पर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती दिखी। सिर्फ 62 रन तक टीम ने अपने सात विकेट खो दिए। इस मुश्किल स्थिति से उबरने की जिम्मेदारी कूपर कोनोली और जेवियर बार्टलेट ने निभाई।

कोनोली ने 19 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 23 रन बनाए। वहीं, बार्टलेट ने 24 गेंदों पर 44 रन की आक्रामक पारी खेली जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल थे। बार्टलेट ने ब्रूडी काउच (19 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। टीम की पूरी पारी 19.1 ओवर में 131 रन पर सिमट गई।

एमआई न्यूयॉर्क की गेंदबाजी में उगरकर का जलवा

एमआई न्यूयॉर्क की ओर से रुशिल उगरकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। उनके अलावा ट्रेंट बोल्ट और नोस्टुश केंजीगे ने दो-दो विकेट चटकाए। यूनिकॉर्न्स की बल्लेबाजी को बांधकर रखने में इन गेंदबाजों की बड़ी भूमिका रही।

पटेल और डी कॉक की ठोस शुरुआत, बोल्ट ने दिलाई जीत

132 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई न्यूयॉर्क ने मोनांक पटेल और क्विंटन डी कॉक के बीच 43 रन की शुरुआती साझेदारी से मजबूत शुरुआत की। मोनांक ने 32 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाए, जबकि डी कॉक ने भी 24 गेंदों में 33 रन की पारी खेली।

हालांकि बीच में कुछ झटके लगे, लेकिन माइकल ब्रेसवेल (18 रन) और अंत में ट्रेंट बोल्ट ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को 19.3 ओवर में दो विकेट शेष रहते जीत दिला दी।

हसन खान और मैथ्यू शॉर्ट ने दिखाया दम

सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की गेंदबाजी में हसन खान ने चार विकेट झटककर मैच में वापसी की कोशिश की। कप्तान मैथ्यू शॉर्ट ने भी तीन विकेट लिए, लेकिन उनकी ये कोशिश जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही।

अब टेक्सास सुपर किंग्स से होगी क्वालिफायर-2 में टक्कर

इससे पहले टेक्सास सुपर किंग्स और वाशिंगटन फ्रीडम के बीच खेला गया क्वालिफायर-1 मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया था। नतीजन, वाशिंगटन फ्रीडम ने फाइनल में सीधी एंट्री पा ली थी। अब एमआई न्यूयॉर्क और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबला तय करेगा कि फाइनल में वाशिंगटन फ्रीडम का सामना किस टीम से होगा।

नजर अब फाइनल बर्थ पर

एमआई न्यूयॉर्क ने एलिमिनेटर जीतकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी बरकरार रखी है। अब सभी की नजरें क्वालिफायर-2 के रोमांचक मुकाबले पर टिकी होंगी, जहां जीतने वाली टीम MLC 2025 फाइनल में प्रवेश करेगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article