दिल्ली एयरपोर्ट पर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर FASTag वाली गाड़ियों के प्रवेश पर लगी पाबंदियां हटा दी हैं। अब इस मामले में यात्रियों को हो रही परेशानी को दूर कर दिया गया है। यह फैसला उस शिकायत के बाद लिया गया, जिसमें कहा गया था कि FASTag का सालाना पास होने के बावजूद गाड़ियों को एयरपोर्ट के प्रस्थान मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। इस मामले को लेकर नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने भी सवाल उठाए थे।
क्या था पूरा मामला?
दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ समय पहले एक नई व्यवस्था लागू की गई थी। इसके तहत जिन गाड़ियों में FASTag का सालाना पास था, उनके लिए भी FASTag के मुख्य खाते में बैलेंस होना जरूरी कर दिया गया था। अगर किसी गाड़ी के FASTag खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होता था, तो उसे टर्मिनल-3 के प्रस्थान मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं मिलती थी। ऐसी गाड़ियों को पार्किंग में जाने के लिए कहा जा रहा था। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने 13 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इस मामले को उठाया था। उन्होंने बताया था कि दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी GMR ने अचानक यह व्यवस्था लागू कर दी है।
उनका कहना था कि सालाना FASTag पास होने के बावजूद गाड़ियों के मुख्य खाते में अलग से बैलेंस रखना जरूरी किया जा रहा था। यात्रियों को इस बदलाव के बारे में पहले से कोई जानकारी भी नहीं दी गई थी।
राजीव कुमार ने इस मामले में NHAI और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से हस्तक्षेप करने की मांग की थी, ताकि यात्रियों की परेशानी दूर हो सके।
NHAI ने क्या कहा?
इस मामले पर FASTag का प्रबंधन करने वाली कंपनी इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी (IHMCL) ने भी जवाब दिया था। कंपनी ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट की पार्किंग में भुगतान करने के लिए FASTag का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसे गाड़ियों की एंट्री रोकने का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए। कंपनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक को इस तरह की पाबंदियां हटाने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद NHAI ने बृहस्पतिवार को X पर जानकारी दी कि यात्रियों को हो रही परेशानी दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों के सामने यह मुद्दा उठाया गया था। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर FASTag वाली गाड़ियों के प्रवेश पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं।
अब यात्रियों को क्या राहत मिलेगी?
इस फैसले से दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर यात्रियों को होने वाली परेशानी दूर होने की उम्मीद है। खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनके पास FASTag का सालाना पास है, लेकिन मुख्य खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। NHAI के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद प्रवेश पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं। इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
(इनपुट-भाषा)
