क्रिकेट

MLC 2025: टेक्सस सुपर किंग्स ने जारी रखा विजयी रथ, सिएटल ओकार्स को 51 रनों से हराया

Major League Cricket 2025:टेक्सास सुपर किंग्स ने मेजर लीग क्रिकेट-2025 (एमएलसी) के 28वें मैच को अपने नाम किया। यह मुकाबला फ्लोरिडा में खेला गया, जिसमें सिएटल ओकार्स को 51 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ ही टेक्सस सुपर किंग्स अब प्लेऑफ की ओर पहुंच गई है।

Image

टेक्सस सुपर किंग्स (फोटो- X)

MLC 2025 TSK vs ST0: मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) 2025 का 28वां मुकाबला शुक्रवार रात फ्लोरिडा में खेला गया, जिसमें टेक्सास सुपर किंग्स ने सिएटल ओकार्स को 51 रन से करारी शिकस्त देकर अपनी मजबूत स्थिति को और पुख्ता कर लिया। इस जीत के साथ टेक्सास की टीम ने प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

प्लेऑफ की दौड़ में टेक्सास सुपर किंग्स सबसे आगे

टेक्सास सुपर किंग्स ने अब तक खेले गए 10 मुकाबलों में से 7 में जीत दर्ज की है और पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। वहीं, सिएटल ओकार्स की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने 10 में से 7 मुकाबले गंवा दिए हैं, हालांकि अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें अभी बाकी हैं।इससे पहले सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स और वाशिंगटन फ्रीडम भी प्लेऑफ में जगह बना चुके हैं, जबकि लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

फाफ डु प्लेसिस और शुभम रांजणे की शतकीय साझेदारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टेक्सास सुपर किंग्स ने चार विकेट पर 188 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत धीमी रही और उन्होंने 49 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे। ऐसे समय पर कप्तान फाफ डु प्लेसिस और शुभम रांजणे ने मोर्चा संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की।फाफ डु प्लेसिस ने 52 गेंदों में 91 रन बनाए जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल थे। वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे। दूसरी ओर, शुभम रांजणे ने 41 गेंदों पर नाबाद 65 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 4 चौके देखने को मिले।सिएटल ओकार्स की ओर से जसदीप सिंह और कैमरून गैनन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

सिएटल की कमजोर बल्लेबाजी, 137 पर ढेर

189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिएटल ओकार्स की टीम 18.4 ओवरों में सिर्फ 137 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज काइल मेयर्स ने 28 गेंदों में 35 रन बनाए, जो टीम की ओर से सर्वोच्च स्कोर रहा। इसके अलावा शिमरोन हेटमायर ने 26 रन और कप्तान सिकंदर रजा ने 23 रन की पारियां खेलीं।

एडम मिल्ने ने झटके 5 विकेट

टेक्सास की जीत में सबसे बड़ा योगदान उनके तेज गेंदबाज एडम मिल्ने का रहा। उन्होंने 3.4 ओवर में केवल 23 रन देकर 5 विकेट झटके और सिएटल की पारी को तहस-नहस कर दिया। इसके अलावा नूर अहमद और अकील हुसैन ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि मार्कस स्टोइनिस को एक सफलता मिली।

टेक्सास की नजर अब चैंपियन बनने पर

इस दमदार प्रदर्शन के बाद टेक्सास सुपर किंग्स पूरे आत्मविश्वास के साथ प्लेऑफ में प्रवेश कर चुकी है। टीम का संतुलित प्रदर्शन खासकर बल्लेबाजी में निरंतरता और गेंदबाजी में धार उन्हें एमएलसी 2025 का सबसे बड़ा दावेदार बना रहा है। अब देखना होगा कि क्या वे ट्रॉफी को अपने नाम कर पाते हैं या नहीं।

(आईएनएस)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article