जयपुर: ऑस्ट्रेलिया के बांए हाथ के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल 2026 में वापसी करते हुए चमके। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए पारी के पहले ही ओवर में फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल को चलता कर दिया। जायसवाल ने पारी की शुरुआत पहली ही गेंद पर मिडविकेट की दिशा में आतिशी छक्का जड़कर की थी लेकिन फुलटॉस रही तीसरी गेंद पर वो गच्चा खा गए और स्टार्क के ही हाथों उनकी ही गेंद पर लपके गए। दिल्ली को राजस्थान के खिलाफ स्टार्क ने शानदार शुरुआत दिलाई।
17वें ओवर में दिए दोहरे झटके
इसके बाद स्टार्क ने 17वें ओवर में रवींद्र जडेजा को आशुतोष शर्मा के हाथों कैच कराकर टीम को चौथी सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने कप्तान रियान पराग को भी इसी ओवर में अक्षर पटेल के हाथों कैच करा दिया। स्टार्क ने दोहरे झटके देकर दिल्ली की वापसी करा दी थी। 16.4 ओवर में राजस्थान ने 168 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। तीन ओवर में स्टार्क ने 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए और अपनी वापसी का ऐलान कर दिया।
फरेरा ने की चौथे ओवर में धुनाई
19वें ओवर में गेंदबाजी करने आए स्टार्क की डेवोनन फरेरा ने जमकर धुनाई कर दी। फरेरा ने स्टार्क के खिलाफ एक चौका और एक छक्का जड़ा और ओवर में कुल 14 रन बटोरे। स्टार्क ने अपने स्पेल का अंत 4 ओवर में 40 रन पर 3 विकेट के साथ किया।
अच्छी शुरुआत के बाद, लुटाए रन
स्टार्क कंधे को चोट की वजह से आईपीएल 2026 के शुरुआती 8 मैच नहीं खेल सके थे। ऐसे में दिल्ली की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही थी। टीम 8 में से केवल 2 मैच जीत सकी थी। स्टार्क ने राजस्थान के खिलाफ शानदार शुरुआत की और पहले तीन ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए, लेकिन अंतिम ओवर में 14 रन लुटा दिए। राजस्थान अंत में 6 विकेट 225 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। इन 6 में से 3 विकेट स्टार्क की झोली में गए।
