क्रिकेट

T20 World cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 ऑस्ट्रेलिया करेगी धमाकेदार शुरूआत, ओपनिंग जोड़ी का हुआ ऐलान

T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर हर टीम ने अपनी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है। टीम के मुताबिक अब इस विश्व कप तक उनकी तरफ से टी20 में मार्श और हेड ओपनिंग करेंगे।

Image

मिचेल मार्श ट्रेविस हेड (फोटो- ANI)

T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम के कप्तान मिशेल मार्श ने पुष्टि की है कि वह निकट भविष्य में ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। यह फैसला टीम के आदर्श संयोजन को विश्व कप 2026 से पहले मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।

2021 टी-20 विश्व कप में तीसरे नंबर पर खेलकर दिलाया था खिताब

मार्श का 2021 टी-20 विश्व कप में तीसरे नंबर पर उतरना ऑस्ट्रेलिया के लिए गेम-चेंजर साबित हुआ था। उन्होंने फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को अपना पहला टी-20 विश्व कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उस समय उन्होंने न केवल अपनी बल्लेबाजी से बल्कि टीम के मनोबल को भी ऊँचा उठाया था।

वेस्टइंडीज दौरे से मिली नई सलामी जिम्मेदारी

अब 33 वर्षीय मार्श, जो वर्तमान में टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं, ने पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ सभी पाँच मैचों में पारी का आगाज़ किया। इससे पहले उन्होंने करियर में सिर्फ एक बार ऐसा किया था। इस बदलाव को लेकर उन्होंने कहा, "निकट भविष्य में मैं और हेडी (ट्रेविस हेड) पारी की शुरुआत करेंगे। हमने एक-दूसरे के साथ काफी क्रिकेट खेली है और हमारे बीच बेहतरीन तालमेल है।"

वनडे में जोड़ी का शानदार रिकॉर्ड

भले ही मार्श और हेड ने अब तक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक साथ पारी की शुरुआत नहीं की है, लेकिन वनडे में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों ने पाँच पारियों में मिलकर 70.50 की औसत से 282 रन बनाए हैं, जो उनकी साझेदारी की ताकत को दर्शाता है।

डेविड वार्नर के संन्यास के बाद बदलाव की तलाश

पिछले साल टी-20 विश्व कप के बाद डेविड वार्नर के संन्यास लेने के बाद से ऑस्ट्रेलिया ने खेल के इस सबसे छोटे प्रारूप में कई सलामी बल्लेबाजों को आज़माया है। इनमें मैथ्यू शॉर्ट, ग्लेन मैक्सवेल, और जेक फ्रेजर-मैकगर्क जैसे नाम शामिल हैं, लेकिन स्थायी सलामी जोड़ी की तलाश जारी रही।

भारत-श्रीलंका में होने वाला टी-20 विश्व कप

टी-20 विश्व कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में अगले वर्ष फरवरी में होगा। ऐसे में मार्श-हेड की नई सलामी जोड़ी इस बड़े टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया को मजबूत शुरुआत दिलाने में अहम साबित हो सकती है।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article