एशेज सीरीज 2025-26 के लिए ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कमेंटेटर माइकल वॉन रविवार को सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुई गोलीबारी में बाल बाल बच गए। वॉन ने ट्वीट करके फैन्स के साथ डरावनी घटना का अनुभव साझा किया और खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी। वॉन ने बताया कि वह बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले के दौरान वह एक रेस्टोरेंट में फंस गए थे। इस हमले में 10 से ज्यादा बेगुनाह लोगों की जान चली गई थी।
रविवार को बड़ी संख्या में यहूदी हनुक्का का त्यौहार मनाने के लिए बॉन्डी बीच पर जुटे थे। इसी दौरान हमलावरों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। चश्मदीदों के मुताबिक बॉन्डी पवेलियन के पास कैंपबेल परेड पर एक गाड़ी से बाहर निकलने के बाद दो लोगों ने शाम करीब 6:40 बजे गोलीबारी शुरू कर दी। घटना में तकरीबन बच्चों और आतंकी सहित कुल 12 लोग मारे गए हैं।
बाल-बाल बचे माइकल वॉन
वॉन ने X पर लिखा,'बॉन्डी में एक रेस्टोरेंट में बंद होना डरावना था... अब घर पर सुरक्षित हूं... लेकिन इमरजेंसी सेवाओं और उस आदमी का बहुत-बहुत धन्यवाद जिसने आतंकवादी का सामना किया... इस घटना में जो लोग प्रभावित हुए हैं, उनके साथ मेरी संवेदनाएं हैं।'
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इसे आतंकी घटना करार देते हुए कहा, 'यह हनुक्का के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई यहूदी लोगों पर एक टारगेटेड हमला है। यह यहूदी-विरोधी आतंकवादी कृत्य है, उन्होंने हमारे देश के दिल पर हमला किया है। ऑस्ट्रेलियाई यहूदियों पर हमला हर ऑस्ट्रेलियाई पर हमला है।'
