क्रिकेट

मुंबई इंडियन्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स? इरफान पठान ने बताया कौन सी टीम और क्यों है बेहतर

मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपर किंग्स में से कौन सी टीम है बेहतर इस बहस पर टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंजबाज इरफान पठान ने अपना जवाब दिया है और उन्होंने अपने जवाब की वजह भी बताई है।

Image

एमएस धोनी बनाम रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज इरफान पठान का कहना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 'सर्वश्रेष्ठ टीम' की बहस में मुंबई इंडियंस का पलड़ा चेन्नई सुपर किंग्स से भारी है। उन्होंने कहा कि मुंबई की टीम ने भारत को कई मैच-विनर खिलाड़ी दिए हैं। पठान ने 'जियोस्टार' से कहा,'आईपीएल की सर्वश्रेष्ठ टीम के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस में से किसी एक को चुनना हमेशा से ही एक बहस का विषय रहा है। चेन्नई ने 2010 से आईपीएल खिताब जीतना शुरू किया था। उन्होंने 2010 और 2011 में लगातार दो खिताब जीते थे और ऐसा करने वाली वे पहली टीम बनी थीं। हालांकि, जब मुंबई इंडियंस ने 2013 से जीतना शुरू किया, तो वे हर दूसरे साल खिताब जीतते रहे। फिर उन्होंने 2019 और 2020 में लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।'

मुंबई इंडियन्स ने टीम इंडिया को दिए कई मैच विनर खिलाड़ी

इरफान पठान ने कहा कि मुंबई इंडियंस ने भारतीय क्रिकेट को कई मैच-विनर दिए हैं। उन्होंने कहा, "मुंबई इंडियंस के बारे में जो बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद है, वह है उनका भारतीय क्रिकेट में अहम योगदान। उन्होंने भारतीय टीम को जितने मैच विनर खिलाड़ी दिए हैं, वह वाकई काबिले-तारीफ है। आप ऐसा कैसे कर पाते हैं? पहला, आप अपनी फ्रेंचाइजी को बड़ा बनाते हैं। दूसरा, आपके पास जो टीम है, उसके साथ आप बेहतरीन नतीजे देते हैं। पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस के पास एक जबरदस्त टीम थी, जो आसानी से ट्रॉफी जीत सकती थी; लेकिन अलग-अलग कारणों से वे ऐसा नहीं कर पाए।

चेन्नई सुपर किंग्स के पास नहीं चार भारतीय कप्तान

पठान ने कहा,'चेन्नई सुपर किंग्स के पास 4 भारतीय कप्तान नहीं हैं, जबकि मुंबई इंडियंस के पास हैं। इस लिहाज से-यानी एक टीम बनाने और किसी बड़े मकसद में योगदान देने के मामले में मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस ही आईपीएल की सर्वश्रेष्ठ टीम है। मुझे पता है कि चेन्नई सुपर किंग्स हमेशा यही कहेगी कि वे भी सर्वश्रेष्ठ हैं, क्योंकि उन्होंने भी 5 ट्रॉफी जीती हैं। इसमें कोई शक नहीं है। यह बहस हमेशा चलती रहेगी और यह एक जायज बहस भी है। हालांकि, मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस का पलड़ा इसलिए भारी है, क्योंकि उन्होंने भारतीय क्रिकेट को इतने शानदार क्रिकेटर और युवा प्रतिभाएं दी हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article