क्रिकेट

MI एमिरेट्स बना ILT20 चैंपियन, खिताबी मुकाबले में दी दुबई कैपिटल्स को करारी मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 18, 2024, 04:08 AM IST

MI एमिरेट्स ने दुबई कैपिटल्स को मात देकर ILT20 League के दूसरे सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान निकोलस पूरण के सिर पर एमआई की जीत का सेहरा सजा।

Image

इंटरनेशनल लीग टी20 2024 चैपियन एमआई ऐमिरेट्स

दुबई: निकोलस पूरण की कप्तानी वाली एमआई एमिरेट्स ने दुबई कैपिटल्स को ILT20 लीग के खिताबी मुकाबले में 45 रन के अंतर से मात देकर खिताब अपने कर लिया। लीग के दूसरे सीजन के फाइनल में दुबई कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले एमआई एमिरेट्स को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। एमआई एमिरेट्स ने पहली बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 208 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद 209 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए दुबई कैपिटल्स को 7 विकेट पर 163 के स्कोर पर रोक दिया और 45 रन के अंतर से खिताब अपने नाम कर लिया। 27 गेंद में 57 रन की आतिशी कप्तानी पारी खेलने वाले निकोलस पूरण को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

वसीम और परेरा ने दी एमआई को धमाकेदार शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमआई एमिरेट्स की टीम को मुहम्मद वसीम और कुसल परेरा को सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 3.3 ओवर में पचास रन के पार टीम को पहुंचाया। दोनों ने पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 72 रन जोड़े। टीम को पहला झटका सातवें ओवर में मुहम्मद वसीम के रूप में लगा। वसीम 24 गेंद में 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वसीम के आउट होने के बाद परेरा को आंद्रे फ्लेचर का साथ मिला। फ्लेचर और परेरा ने 10.5 ओवर में टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। ऐसे में दूसरा झटका एमआई को कुसल परेरा के रूप में लगा, सिकंदर रजा ने परेरा को कैच करा दिया। परेरा 26 गेंद में 38 रन बना सके।

कप्तान पूरण ने खेली आतिशी पारी

102 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद कप्तान पूरण मैदान पर फ्लेचर का साथ देने उतरे। फ्लेचर ने अपना आक्रमण जारी रखा और 34 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। दोनों ने मिलकर 15.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद फ्लेचर ओली स्टोन्स की गेंद पर 37 गेंद में 53 रन बनाकर लपके गए और एमआई का स्कोर 16.5 ओवर में 158 रन हो गया।

पोलार्ड-पूरण ने पहुंचाया 200 रन के पार

अंतिम ओवरों में पूरण का साथ देने किरोन पोलार्ड उतरे। दोनों ने दुबई कैपिटल्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई और टीम को 20 ओवर में 208 रन तक पहुंचा दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 19 गेंद में 50 रन की साझेदारी हुई। पूरण 27 गेंद में 57 और पोलार्ड 7 गेंद में 9 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। दुबई के लिए 1-1 विकेट ओली स्टोन्स, सिकंदर रजा और जहीर खान ने लिए।

पहले ही ओवर में दुबई ने गंवाया विकेट, खराब रही शुरुआत

खिताबी जीत के लिए 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुबई कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही। पारी की दूसरी ही गेंद पर लुस डू प्लॉय अकील हुसैन की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। इसके बाद पारी को संभालने की टॉम बैन्टन और टॉन एबेल ने संभालने की कोशिश की। लेकिन पांचवें ओवर में एबेल 14 रन बनाकर मोहम्मद राहिद की गंद पर पोलार्ड के हाथों लपके गए। दो विकेट गंवान के बाद बैन्टन और कप्तान सैम बिलिंग्स ने स्कोर को 63 रन तक पहुंचाया। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर बैन्टन 20 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए।

बिलिंग्स के आउट होते ही एमआई एमिरेट्स की जीत हुई पक्की

बैन्टन के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान बिलिंग्स ने एक छोर संभाला। सिंकदर रजा थोड़ी देर उनका साथ देने के बाद पवेलियन लौट गए। उन्होंने 10 रन बनाए। बिलिंग्स भी 29 गेंद पर 40 रन बनाने के बाद स्टंपिंग हो गए और दुबई की जीत की संभावनाएं भी तकरीबन खत्म हो गईं। जेसन होल्डर ने स्कॉट कुलेजिन के साथ मिलकर 150 रन के पार पहुंचाया। लेकिन इसी स्कोर पर होल्डर बोल्ट की गेंद पर बोल्ड हो गए और एमआई ऐमिरेट्स की खिताबी जीत सुनिश्चित हो गई। एमआई ऐमिरेट्स के लिए 2-2 विकेट ट्रेंट बोल्ड और विजयकांत ने लिए। वहीं 1-1 विकेट अकील हुसैन, मोहम्मद राहिद और वकार सलामखिल ने लिए।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article