मेलबर्न: इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी हैं। दोनों टीमें एक-एक बार खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। ऐसे में रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में दोनों टीमें दूसरी बार खिताबी जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। लेकिन बारिश दोनों टीमें के खिताबी जीत के अरमानों पर पानी फेर सकती है।
फाइनल पर बारिश का साया
टी20 विश्व कप के दौरान लीग दौर में बारिश का साया मेलबर्न के ऊपर लगातार मंडराता रहा है। लीग दौर में भारत-पाकिस्तान के के बीच हुए महामुकाबले के अलावा जो भी मैच खेले गए थे वो सभी बारिश से प्रभावित रहे थे। तीन मैच तो बारिश की वजह से एक भी गेंद फेंके बगैर रद्द कर दिए गए। ऐसे में मेलबर्न में 13 नवंबर को खेले जाने वाले मुकाबले पर बारिश पानी फेर सकती है।13 और 14 नवंबर को बारिश की है प्रबल संभावना
ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग द्वारा किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक 13 नवंबर को मैच के दौरान बारिश होने की प्रबल संभावना है। आईसीसी ने फाइनल और सेमीफाइनल के नियमों में बदलाव किया था कि इसके लिए पांच की जगह 10-10 ओवर का मैच होना जरूरी है। फाइनल के लिए रिजर्व डे का भी प्रावधान किया गया है। अगर पहले दिन बारिश की वजह से 10-10 ओवर का मुकाबला नहीं हो सका तो मैच जहां रुकेगा अगले दिन दोपहर तीन बजे से वहीं से शुरू होगा। जी हां, रिजर्व डे के दिन मैच दोबारा नहीं होगा। पहले दिन जहां मैच रुकेगा वहीं से आगे का मुकाबला शुरू होगा।पहली बार मिल सकते हैं ज्वाइंट विनर
अगर मेलबर्न में बेहद खराब स्थिति रही और मैच 13 और 14 नवंबर दोनों ही दिन नहीं खेला जा सका तो टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार दो टीमों को साझा विजेता घोषित किया जाएगा।
