हरारे: चोट से उबरकर टीम इंडिया में वापसी करने वाले 22 वर्षीय तेज़ गेंदबाज मयंक यादव ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज में एक नया इतिहास रच दिया है। रविवार को सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में जिंबाब्वे की टीम 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो मयंक ने पारी की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को स्लिप में खड़े वैभव सूर्यवंशी के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। मंयक ने ऐसा ही सीरीज के पहले मुकाबले में भी किया था। उन्होंने पारी की पहली गेंद पर बेनेट को विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई थी। रविवार को वो इस करिश्मे को दोहराने में सफल रहे और अपने नाम एक अनोखा रिकॉर्ड कर लिया।
एक सीरीज में दो बार पहली गेंद पर विकेट
मयंक यादव एक अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज में दो बार पारी की पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इसके साथ ही वो साझा रूप से T20I मैच में पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार विकेट चटकाने वाले भारतीय बन गए हैं। भुवनेश्वर कुमार ने अपने टी20आई करियर में ये कारनामा तीन बार किया था। वहीं मयंक भी उनके बराबर पहुंच गए हैं। भुवी ने साल 2022 में श्रीलंका, इंग्लैंड और जिंबाब्वे के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी। वो ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय भी बने थे। वहीं मयंक यादव ने साल 2024 में अपनी डेब्यू सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ ये कारनामा किया था। उसके बाद अब जिंबाब्वे के खिलाफ मौजूदा सीरीज में दो बार उन्होंने ये उपलब्धि हरारे में हासिल की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी दुनिया के इकलौते खिलाड़ी, 16 की उम्र से पहले लगाई दो हाफ सेंचुरी
स्पेशल क्लब में हुई एंट्री
भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले स्पेशल क्लब में भुवनेश्वर कुमार और मयंक यादव के अलावा हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह के नाम शामिल हैं। हार्दिक ने साल 2023 में वेस्टइंडीज और 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ ये कारनामा किया था। वहीं अर्शदीप सिंह साल 2024 में अमेरिका और 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ पहली गेंद में विकेट चटका चुके हैं। मौजूदा सीरीज में मयंक यादव अबतक खेले तीन मैच में 3 विकेट 20 के औसत और 6.66 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। 18 रन देकर 2 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है जो उन्होंने सीरीज के पहले मुकाबले में किया था और प्लेयर ऑफ द मैच चुन गए थे।
