क्रिकेट

Australia Squad, 1st Ashes Test: पहले एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान, दिग्गज खिलाड़ी की वापसी

Australia Squad For 1st Ashes Test Match: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस महीने के अंत में शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड प्रतिष्ठित एशेज टेस्ट सीरीज के पहले मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम में जहां सैम कोंस्टास को जगह नहीं मिली, वहीं एक दिग्गज खिलाड़ी की वापसी भी हुई है।

Image

ऑस्ट्रेलिया ने पहले एशेज टेस्ट के लिए टीम का ऐलान किया

Photo : AP

AUS Squad for 1st Ashes Test: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड प्रतिष्ठित एशेज टेस्ट सीरीज का आगाज इस महीने के अंत में होने वाला है। पांच टेस्ट मैचों की इस ऐतिहासिक सीरीज के पहले मैच के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान कर दिया गया है। लगातार लचर प्रदर्शन के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाने वाले मार्नस लाबुशेन की एशेज श्रृंखला के लिए आस्ट्रेलियाई टीम में वापसी हुई है। चयनकर्ताओं ने इस अनुभवी बल्लेबाज को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए बुधवार को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया।

लाबुशेन खराब फॉर्म के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे लेकिन इस बीच उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया जिससे वह वापसी करने में सफल रहे। सलामी बल्लेबाज जेक वेदरल्ड 21 नवंबर से पर्थ में होने वाले मैच से टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर सकते हैं। उन्हें मैट रेनशॉ और सैम कोंस्टास पर तरजीह दी गई है, हालांकि अभी यह तय नहीं है कि उस्मान ख्वाजा के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा।

वेदरल्ड पिछले साल शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में 50.33 की औसत से 906 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से श्रीलंका ए के खिलाफ शतक भी लगाया था। नियमित कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ श्रृंखला के पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम की अगुवाई करेंगे। कमिंस अभी भी पीठ के निचले हिस्से की समस्या से उबर रहे हैं।

स्कॉट बोलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण में मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ शामिल होने की उम्मीद है, जबकि तेज गेंदबाजी विकल्प के रूप में ब्रेंडन डोगेट और सीन एबॉट भी टीम में हैं। ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर और कैमरन ग्रीन को भी टीम में शामिल किया गया है।

ये है पहले एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम

स्टीव स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर, ब्रेंडन डॉगेट, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड और जोश इंगलिस।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article