शहर

Bihar Flood: बाढ़ के बीच एक्शन में CM सम्राट चौधरी, पीड़ितों से मिले और खुद परोसा भोजन; 12 जिलों में 22.42 लाख प्रभावित

Bihar Flood: बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है और 12 जिलों में करीब 22.42 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली और सारण का दौरा कर हाजीपुर और सोनपुर के राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत की। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी अस्पताल, डॉक्टर-पैरामेडिकल स्टाफ और नावों के जरिए दवा वितरण की व्यवस्था की गई है।

Image

बिहार में बाढ़ का कहर! 22 लाख लोग प्रभावित, CM सम्राट चौधरी ने राहत शिविर में परोसा खाना। ANI

Photo : ANI

Bihar Flood: बिहार में बाढ़ लगातार विक्राल रूप लेता जा रहा है। बाढ़ बाढ़ की वजह से 22 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित है। इस स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव कार्यों का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली और सारण का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाजीपुर और सोनपुर में बनाए गए राहत शिविरों का निरीक्षण किया और वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

सीएम ने राहत शिविरों का किया दौरा

मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों में पहुंचकर लोगों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध भोजन, रहने और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनका एक अलग अंदाज भी देखने को मिला, जब उन्होंने खुद बाढ़ प्रभावित लोगों को खाना परोसा। सम्राट चौधरी ने राहत शिविर में मौजूद लोगों के साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने लोगों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं जानीं और राहत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के दौरे का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों और शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करना रहा। वैशाली और सारण के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "जलस्तर घट रहा है। गंगा का जलस्तर लगभग 17 से 18 सेंटीमीटर कम हो गया है और सभी अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। हमें विश्वास है कि अगले दो से तीन दिनों में स्थिति में सुधार होगा और सभी को राहत मिलेगी। यह एक प्राकृतिक आपदा है और सरकार स्थिति से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।"

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने क्या-क्या कहा?

वहीं, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा, "राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग बाढ़ से निपटने के लिए प्रयास कर रहे हैं। हमने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों और पंचायत भवनों में अस्थायी अस्पताल स्थापित किए हैं। वहां डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया है। हमने नावों के माध्यम से दवाओं के वितरण की भी व्यवस्था की है।"

कई जिलों में जीवन अस्त-व्यस्त

बता दें कि 12 जिलों पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय एवं अरवल के 70 प्रखंडों की 368 ग्राम पंचायतों में लगभग 22.42 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। वहीं, पांच सितंबर को संचालित 80 सामुदायिक रसोइयों की संख्या को बढ़ाकर रविवार को 190 कर दिया गया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article