क्रिकेट

किशन की ऐतिहासिक पारी से दूसरा दिन भी रहा ईस्ट जोन के नाम, पहली पारी में बनाए 708 रन

दलीप ट्रॉफी के फाइनल का दूसरा दिन भी ईस्ट जोन के नाम रहा। ईशान किशन की शानदार पारी की बदौलत उसने पहली पारी में 708 रन बनाए। किशन ने अपने फर्स्ट क्लास करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा।

Image

ईस्ट जोन और साउथ जोन (साभार-X)

दलीप ट्रॉफी फाइनल का दूसरा दिन भी ईस्ट जोन के नाम रहा। दूसरे दिन जैसे ही 708 रन के स्कोर पर ईस्ट जोन ने अपना आखिरी विकेट गंवाया, स्टंप की घोषणा कर दी गई। पहले दिन उसने 5 विकेट के नुकसान पर 384 रन बनाए थे। दूसरे दिन भी उसकी शानदार बल्लेबाजी जारी रही। ईस्ट जोन के कप्तान ने अपने फर्स्ट क्लास करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा। हालांकि, वह इसे तिहरे शतक में नहीं बदल पाए और 334 गेंद में 270 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 30 चौके और 7 छक्के जड़े।

दूसरे दिन ईशान किशन ने अपने कल के 111* रन के स्कोर से पारी को आगे बढ़ाया। वह उसी लय में नजर आए जिस लय में पहले दिन बल्लेबाजी कर रहे थे। दूसरे दिन ईस्ट जोन को पहला झटका कुमार कुशाग्र के रूप में लगा जो 101 रन की पारी खेलकर आउट हुए। छठे विकेट के लिए उन्होंने कप्तान ईशान किशन के साथ 230(287) रन की साझेदारी की।

250 रन बनाकर हुए रिटायर्ड हर्ट

ईशान किशन 250 रन की पारी खेलने के बाद मांसपेशी में आए खिंचाव के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, लेकिन मोहम्मद शमी के आउट होने के बाद वे पारी को आगे बढ़ाने के लिए वापस आए और दिन के आखिरी ओवर में 270 रन बनाकर आउट हो गए।

साउथ जोन की ओर से त्रिपुरना विजय ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। उनके अलावा बाकी बल्लेबाज चेपॉक की सपाट पिच पर एकदम बेबस नजर आए।

ईस्ट जोन की शानदार बल्लेबाजी ने साउथ जोन की टीम पर दबाव बना दिया है। उसके लिए आसान नहीं होगा कि वह 708 के स्कोर को पार करे। हालांकि, साउथ जोन की टीम में भी देवदत्त पडिक्कल, रिकी भुई और तिलक वर्मा जैसे बल्लेबाज हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article