क्रिकेट

नए फिटनेस टेस्ट में बांग्लादेशी क्रिकेटरों का हुआ बुरा हाल, जानिए कौन हुआ पास, कौन फेल?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के नए स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच नाथन कीली के कार्यभार संभालने के बाद नीदरलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज और एशिया कप से पहले फिटनेस कैंप का आयोजन किया है। फिटनेस के नए टेस्ट में अधिकांश खिलाड़ियों का हाल बेहाल हो गया।

Image

बांग्लादेश क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट @BCBtigers X Screen Grab)

ढाका: नीदरलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज और एशिया कप से पहले बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए फिटनेस कैंप का आयोजन किया गया है। इसमें तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने प्रभावित किया है। टीम के अन्य खिलाड़ी निर्धारित मानकों को पूरा करने में संघर्ष करते दिखे। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, नए स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच नाथन कीली के कार्यभार संभालने के बाद 1600 मीटर दौड़ और 40 मीटर स्प्रिंट परीक्षणों ने यो-यो और बीप परीक्षणों की जगह ले ली है। सिलहट में एक स्किल कैंप 20 अगस्त को लगाया जाना है।

टेस्ट में शामिल नहीं हो पाए लिट्टन दास और तौहीद हृदोय

बांग्लादेश के टी20 कप्तान लिट्टन कुमार दास और तौहीद हृदोय फिटनेस टेस्ट में शामिल नहीं हो पाए। नूरुल हसन सोहन, सैफ हसन, अफिफ हुसैन और महिदुल इस्लाम अंकोन भी ऑस्ट्रेलिया दौरे (ए टीम के साथ) पर होने की वजह से फिटनेस टेस्ट में शामिल नहीं हुए। कुल 25 खिलाड़ियों का चयन प्रारंभिक रूप से किया गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद के साथ तनवीर इस्लाम और शमीम पटवारी को 1600 मीटर की दौड़ पूरी करने में लगभग आठ मिनट लगे। राणा फिटनेस टेस्ट में भाग लेने वाले क्रिकेटरों में सर्वश्रेष्ठ रहे। 1600 मीटर की दौड़ उन्होंने मात्र 5 मिनट 31 सेकंड में पूरी की।

कुछ क्रिकेटर नहीं उतरे उम्मीदों पर खरे

टीम प्रबंधन के एक सदस्य ने रविवार को कहा,'राणा ने शानदार प्रदर्शन किया। कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन कुछ क्रिकेटर हमारी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।' मेहदी हसन मिराज 1600 मीटर दौड़ के पहले बैच में 6 मिनट 1 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके मुशफिकुर रहीम ने 6 मिनट 10 सेकंड में परीक्षण पूरा कर तीसरा स्थान हासिल किया। तंजीम हसन साकिब ने 15 क्रिकेटरों वाले दूसरे ग्रुप में 1600 मीटर का टेस्ट 5 मिनट 53 सेकंड में पूरा किया। उनके बाद शहादत हुसैन दीपू रहे, जिन्होंने 6 मिनट में दौड़ पूरी की, जबकि परवेज हुसैन इमोन 6 मिनट और 13 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article