Mahmudullah Retirement: बांग्लादेश के एक और अनुभवी खिलाड़ी महमदुल्लाह ने 239 वनडे मैचों के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। चैंपियंस ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन करने के बाद वह दूसरे खिलाड़ी हैं जिन्होंने संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने 18 साल के अपने लंबे करियर में 5,689 रन और 82 विकेट चटकाए। वनडे के अलावा उन्होंने बांग्लादेश के लिए 50 टेस्ट और 141 टी20 मुकाबले में क्रमश: 2,914 और 2,443 रन बनाए।
अपने टी20 और टेस्ट करियर को पहले ही अलविदा कह चुके 39 वर्षीय खिलाड़ी ने अब वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। बांग्लादेश के लिए उनका आखिरी मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। यह मुकाबला आईसीसी मेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप-स्टेज में हुआ था। उन्होंने इस बात की जानकारी अपनो सोशल मीडिया पर दी। महमदुल्लाह ने लिखा "मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। मैं अपने सभी साथियों, कोचों और खासकर अपने फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया है।
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी
महमदुल्लाह वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनसे ज्यादा रन मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन और तमीम इकबाल के नाम है। बांग्लादेश के लिए उनके द्वारा सबसे यादगार पारियों में से एक 2015 के वर्ल्ड कप में खेली गई पारी है, जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ़ शतक लगाया था।
हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की तरफ से सालाना कांट्रैक्ट के लिए खिलाड़ियों की सूची जारी की गई थी। इससे पहले महमदुल्लाह ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया था कि उन्हें इस लिस्ट में कंसिडर न किया जाए। इस बात से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि वह अपने भविष्य को लेकर बड़ा फैसला ले सकते हैं। जिस बात का डर था वही हुआ। इससे पहले मुश्फिकुर रहीम ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था।
