VHT 2025-26: महाराष्ट्र ने अर्शिन के शतक की बदौलत रोका मुंबई का विजय रथ, पंजाब ने दी सिक्किम को मात
- Edited by: नवीन चौहान
- Updated Jan 3, 2026, 10:06 PM IST
महाराष्ट्र ने अर्शिन कुलकर्णी और रामकृष्ण घोष की पारियों की बदौलत विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई का विजय रथ रोक दिया है। वहीं पंजाब ने सिक्किम को अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मात दी।
अर्शिन कुलकर्णी (फोटो क्रेडिट BCCI X)
जयपुर: अर्शिन कुलकर्णी के 114 रन और रामकृष्ण घोष के 64 रन की मदद से महाराष्ट्र ने शनिवार को विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में मुंबई पर 128 रन की बड़ी जीत दर्ज की। यह मुंबई की पहली हार थी, लेकिन टीम पंजाब के साथ 16-16 अंक के साथ शीर्ष दो में बनी हुई है। महाराष्ट्र 12 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है, उसने पांच में से तीन मैच जीते हैं।
कुलकर्णी और पृथ्वी के बीच हुई 140 रन की साझेदारी
पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद कुलकर्णी ने पृथ्वी शॉ (71 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 140 रन जोड़े और महाराष्ट्र के चार विकेट पर 366 रन के विशाल स्कोर की नींव रखी। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 66 रन बनाए, लेकिन घोष ने मुंबई के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए 27 गेंद में 64 रन बनाए जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे। इससे महाराष्ट्र का स्कोर 350 रन के पार पहुंच गया।
इस विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल नौ गेंद में सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें शनिवार को घरेलू मैदान पर होने वाली न्यूजीलैंड श्रृंखला के लिए भारत की वनडे टीम में चुना गया था। लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार अंगकृष रघुवंशी ने 88 गेंद में 92 रन बनाकर मुंबई की उम्मीद बनाए रखी। पर रन रेट बढ़ता रहा और 33वें ओवर में 186 रन पर सातवां विकेट गिरने के साथ ही मुंबई की उम्मीदें खत्म हो गईं।
सिद्धेश लाड और तनुष कोटियन ने क्रमशः 52 और 36 रन का योगदान दिया लेकिन यह बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए काफी नहीं था। इससे मुंबई की टीम 42 ओवर में 238 रन पर ऑल आउट हो गई। महाराष्ट्र के लिए प्रदीप दाधे ने 43 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि सत्यजीत बच्चाव ने 44 रन देकर दो विकेट लिए।
वहीं भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 34 रन देकर पांच विकेट झटकते हुए पंजाब को सिक्किम पर 10 विकेट से जीत दिलाई। पंजाब ने सिक्किम द्वारा दिए गए 75 रन के छोटे से लक्ष्य का पीछा सिर्फ 6.2 ओवर में कर लिया। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (नाबाद 53 रन) और हरनूर सिंह (नाबाद 22 रन) नाबाद रहे। इस आसान जीत से पंजाब का नेट रन रेट बहुत बढ़ गया है।
अर्शदीप सिंह ने अपने 10 ओवर में सिक्किम के कमजोर बल्लेबाजी लाइन अप को तहस-नहस कर दिया जबकि सुखदीप सिंह बाजवा और मयंक मारकंडे ने दो-दो विकेट लिए। इससे सिक्किम की टीम 22.2 ओवर में महज 75 रन पर ऑल आउट हो गई। सिक्किम के लिए पाल्जोर तमांग 22 गेंद में 13 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। अन्य मुकाबलों में हिमाचल प्रदेश को छत्तीसगढ़ से तीन विकेट से जबकि गोवा को उत्तराखंड से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पांचवे टी20 मैच का लाइव स्कोर की हर अपडेट (IND Vs SA Live Score Today Match) के लिए जुड़े रहे हमारे साथ।