क्रिकेट

20 साल के पाकिस्तानी बल्लेबाज माज सदाकत के सामने हवा हो गया क्रिस गेल का 24 साल पुराना रिकॉर्ड

पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज माज सदाकत ने क्रिस गेल का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने अपने दूसरे ही अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की।

Image

माज सदाकत (साभार-X)

बांग्लादेश के खिलाफ अपने दूसरे ही वनडे मुकाबले में पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज माज़ सदाकत ने द यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। 20 वर्षीय सदाकत ने बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे मैच में शाहीन अफरीदी की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम को 128 रनों की शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सदाकत ने अपनी टीम को तेज शुरुआत दी और साहिबजादा फरहान के साथ पहले विकेट के लिए 103 रनों की साझेदारी की। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने मात्र 46 गेंदों में 75 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने छह चौके और पांच छक्के जड़े।

बल्लेबाजी में अपना दम दिखा चुके सदाकत को जब कप्तान शाहीन अफरीदी ने टर्न लेती पिच पर गेंदबाजी सौंपी तो वहां भी उन्होंने निराश नहीं किया। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज सदाकत ने पांच ओवर फेंके और लिटन दास, अफीफ हुसैन और रिशाद हुसैन को आउट करते हुए 23 रन देकर 3 विकेट के साथ स्पेल पूरा किया।

माज सदाकत ने रचा इतिहास

माज सदाकत ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर दूसरे ही मैच में इतिहास रच दिया। वह बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच में अर्धशतक बनाने और तीन विकेट लेने वाले इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के नाम यह रिकॉर्ड था, जिन्होंने 23 साल की उम्र में यह कारनामा किया था।

दुनिया के 14वें खिलाड़ी बने सदाकत

एक ही मैच में अर्धशतक और 3 विकेट लेने के मामले में वह दुनिया के 14वें सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने यह उपलब्धि दो बार हासिल कर चुके हैं। यह युवा खिलाड़ी अफरीदी, अब्दुल रज्जाक और शाहिद अफरीदी के बाद पाकिस्तान के पांचवें सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उनके इस करिश्माई प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान की टीम 3 मैच की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी करने में कामयाब रहा। फैंस को उम्मीद है कि एक बार और वह ऐसा प्रदर्शन कर दें जिससे पाकिस्तान की टीम सीरीज अपने नाम कर सके।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article