क्रिकेट

DC vs RCB Highlights: दिल्ली फतह नहीं कर पाई बेंगलोर, सॉल्ट ने छिड़का जीत के अरमानों पर नमक

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 6, 2023, 11:55 PM IST

IPL 2023, DC vs RCB Highlights: आईपीएल के 50वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर 7 विकेट से मात दी। दिल्ली की यह चौथी जीत है। इसी जीत के साथ दिल्ली पॉइट टेबल में 9वें नंबर पर पहुंच गई है।

Image

दिल्ली और बेंगलोर के मैच का ताजा अपडेट यहां देखें। (फोटो - IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मैच खेला गया।
  • दिल्ली ने होम ग्राउंड पर बेंगलोर को 7 विकेट से हराया।
  • मैच के हीरो फिल सॉल्ट रहे, उन्होंने सबसे ज्यादा 87 रन बनाए।

DC vs RCB Highlights: आईपीएल के 50वें मुकबले में दिल्ली कैपिटल्स ने घरेलू मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 7 विकेट से हराया। दिल्ली की यह चौथी जीत है और इसी जीत के साथ टीम 8 अंक के साथ 9वें नंबर पर पहुंच गई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलोर ने 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी दिल्ली ने 20 गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

कोहली-लोमरोर ने खेली अर्धशतकीय पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे बेंगलोर की टीम ने अच्छी शुरुआत की। बेंगलोर ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। विराट कोहली और कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी कर टीम को 80 के पार पहुंचाया। टीम को पहला झटका 11वें ओवर में लगा। टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसिस 45 रन पर आउट हो गए। उनको मिचेल मार्श ने आउट किया। इसके बाद ग्लैन मैक्सवेल एक बार फिर बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे गोल्डन डक हो गए। उनको भी मिचेल मार्श ने आउट कर पवेलियन भेजा। विराट कोहली भी अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद आउट हो गए। उन्होंने 5 चौकों की मदद से 55 रन बनाए। उनको मुकेश कुमार ने खलील अहमद के हाथों कैच आउट कराया। दिनेश कार्तिक बड़ी पारी खेलने में फेल रहे। वे महज 11 रन पर आउट हो गए। महिपाल लोमरोर ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 29 गेंदों पर 54 रन बनाए। दिल्ली के मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

सॉल्ट और रोसौव ने दिल्ली को संभाला

जवाब में खेलने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को छठे ओवर में पहला झटका लगा। कप्तान डेविड वॉर्नर बड़ी पारी नहीं खेल सके। वे महज 22 रन पर आउट हो गए। इसके बाद मिचेल मार्श भी 26 रन पर आउट हो गए। इसके बाद फिल सॉल्ट और रिले रोसौव ने शानदार साझेदारी की टीम को 175 के पार पहुंचाया। फिल सॉल्ट अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद आउट हो गए। उन्होंने 45 गेंदों पर 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा 87 रन बनाए। रिले रोसौव ने 33 गेंदों एक चौका और 3 छक्के की मदद से 35 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि अक्षर पटेल ने 3 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 8 रन बनाकर नाबाद रहे। बेंगलोर के जोश हेजलवुड, कर्ण शर्मा और हर्षल पटेल ने एक-एक विकेट लिए।

हेड टू हेड में बेंगलोर का पलड़ा भारी

दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच अभी तक कुल 29 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें बेंगलोर का पलड़ा भारी है। बेंगलोर की टीम ने 18 मैचों में, जबकि दिल्ली नले 10 मैचों में जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबले का परिणाम नहीं निकला है। बेंगलोर का दिल्ली के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर 215 रन है, जबकि दिल्ली का बेंगलोर के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर 196 है।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11

फिल साल्ट(विकेटकीपर), डेविड वॉर्नर(कप्तान), मिचेल मार्श, रिले रोसौव, मनीष पांडे, अमन हाकिम खान, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, ईशांत शर्मा, खलील अहमद।

दिल्ली कैपिटल्स के सबस्टिटयूट खिलाड़ी

चेतन सकारिया, ललित यादव, रिपल पटेल, प्रवीण दुबे, अभिषेक पोरेल।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की प्लेइंग-11

फॉफ डुप्लेसी (कप्तान), विराट कोहली, अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), केदार जाधव, वानिंदु हसरंगा, कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड।

रॉयल चैजेंलर्स बेंगलोर के सबस्टिट्यूट खिलाड़ी

हर्षल पटेल, सुयश प्रभुदेसाई, विजयकुमार वैशाक, माइकल ब्रेसवेल, शाहबाज अहमद।

DC vs RCB मैच कब और कहां देखें?

दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच इस मैच का सीधा प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार और जियो सिनेमा एप पर देख सकते हैं। फैंस इस मैच की कॉमेंट्री 12 अलग-अलग भाषाओं में सुन सकते हैं।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article