IPL 2023, MI vs GT Highlights: आईपीएल के 57वें मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात को 27 रन से हरा दिया। गुजरात के सामने जीत के लिए 219 रन का विशाल लक्ष्य था, लेकिन मुंबई के गेंदबाजों के सामने गुजरात 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन बना सकी। गुजरात की तरफ से राशिद खान ने 32 गेंद पर 79 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 छक्के लगाए। राशिद के अलावा डेविड मिलर ने 41 रन की पारी खेली। मुंबई की तरफ से आकाश मधवाल ने 3, पियूष चावला और कार्तिकेय ने 2-2 विकेट झटके।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने सूर्यकुमार यादव की 49 गेंद में 103 रन की विस्फोटक पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव का यह आईपीएल में पहला शतक है। सूर्यकुमार यादव के अलावा विष्णु विनोद ने 20 गेंद पर 30 रन की पारी खेली।
गुजरात टाइटंस की पारी
219 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में उसने रिद्धिमान साहा का विकेट गंवा दिया। साहा 2 रन बनाकर आकाश माधवाल की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। अगले ही ओवर में कप्तान हार्दिक पांड्या 4 रन बनाकर बेहरनडॉर्फ की गेंद पर ईशान किशन के हाथो कैच आउट हो गए। चौथे ओवर में इनफॉर्म बल्लेबाज शुभमन गिल भी 6 रन बनाकर चलते बने। उन्हें आकाश मधवाल ने क्लीन बोल्ड किया।मुंबई इंडियंस की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान रोहित शर्मा पुराने रंग में नजर आए और उन्होंने कुछ बेहतरीन पुल शॉट्स खेले। ईशान के साथ मिलकर उन्होंने पहले विकेट के लिए 37 गेंद में 61 रन जोड़े। राशिद खान ने 29 रन के निजी स्कोर पर उन्हें तेवतिया के हाथो कैच कराया। इसी ओवर में राशिद ने ईशान किशन को भी आउट किया। किशन 20 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे विकेट के लिए नेहल वढेरा और सूर्या ने 22 रन जोड़े लेकिन नेहल 15 रन बनाकर राशिद की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।
चौथे विकेट के लिए विष्णु विनोद और सूर्या ने शानदार 65 रन की साझेदारी की। विनोद 20 गेंद में 30 रन बनाकर मोहित शर्मा की गेंद पर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने 49 गेंद पर नाबाद 103 रन की पारी खेली। सूर्या ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अपना शतक पूरा किया।
हेड टू हेड में बराबरी पर दोनों टीम
इस जीत के साथ मुंबई का पलड़ा भारी हो गया है। अब तक खेले गए 3 मुकाबलों में 2 में मुंबई ने जीत दर्ज की है जबकि केवल एक मुकाबले में गुजरात को जीत मिली है। पिछले सीजन में मुंबई ने गुजरात को 5 रन से हराया था, जबकि इस सीजन उसे 55 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। लेकिन अब मुंबई ने इस हार का बदला गुजरात को 27 रन से हराकर ले लिया है।
